Edited By Radhika,Updated: 21 Oct, 2025 11:58 AM

दीवाली का त्योहार जहां एक ओर पूरे देश में धूमधाम से मनाया गया, वहीं नवी मुंबई में यह त्योहार कई परिवारों के लिए मातम लेकर आया। सोमवार को नवी मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें कुल 6 लोगों की जान चली गई। इन...
नेशनल डेस्क: दीवाली का त्योहार जहां एक ओर पूरे देश में धूमधाम से मनाया गया, वहीं नवी मुंबई में यह त्योहार कई परिवारों के लिए मातम लेकर आया। सोमवार को नवी मुंबई के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आईं, जिनमें कुल 6 लोगों की जान चली गई। इन हादसों में सिलेंडर विस्फोट और आधी रात को लगी भीषण आग शामिल हैं।
वाशी में आग से 4 लोगों की मौत
पहला बड़ा हादसा वाशी के सेक्टर-14 स्थित एमजी कॉम्प्लेक्स की रहेजा रेजीडेंसी सोसाइटी में हुआ। सोमवार की आधी रात को इस रिहायशी इमारत की 10वीं, 11वीं और 12वीं मंजिल पर अचानक आग लग गई। इस भीषण अग्निकांड में 4 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 6 साल की मासूम बच्ची और एक बुजुर्ग महिला शामिल हैं।10वीं मंजिल के एक घर में एक दादी की जान चली गई।12वीं मंजिल के एक फ्लैट में मां, पिता और उनकी 6 साल की बेटी की मौत हो गई। वाशी अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

कामोठे में सिलेंडर ब्लास्ट, मां-बेटी जिंदा जलीं
दूसरी दुखद घटना नवी मुंबई के कामोठे इलाके से सामने आई। सोमवार सुबह सेक्टर 36 स्थित आंबे श्रद्धा सहकारी सोसायटी की तीसरी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि घर में रखे दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट (सिलेंडर ब्लास्ट) हुआ, जिसके कारण आग ने भयानक रूप ले लिया।
इस दर्दनाक हादसे में एक मां और उसकी बेटी की मौत हो गई। परिवार के तीन अन्य सदस्य किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। आग की लपटों से चौथी मंजिल का कुछ हिस्सा भी प्रभावित हुआ। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई और एहतियात के तौर पर पूरी सोसायटी को खाली करा लिया गया था। अग्निशमन अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग का कारण सिलेंडर ब्लास्ट ही बताया जा रहा है।
मुंबई और पुणे में भी कई हादसे
नवी मुंबई के अलावा मुंबई और पिंपरी चिंचवड़ (पुणे) में भी आग लगने की कई घटनाएं दर्ज की गईं। मुंबई फायर ब्रिगेड को दीपावली के दिन पूरे समय में आग लगने की 32 जगहों से कॉल मिलीं। इसके अलावा, सोमवार सुबह कफ परेड में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत भी हुई।