द्रमुक ने सहयोगी दलों से बातचीत के लिए सीट-बंटवारा समिति गठित करने की घोषणा

Edited By Updated: 11 Feb, 2026 12:11 PM

dmk announces formation of seat sharing committee to negotiate with allies

तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सीट-बंटवारे की बातचीत शुरू करने में 'देरी' को लेकर अपने प्रमुख सहयोगी दल कांग्रेस द्वारा चिंता जताए के बाद सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने घोषणा की है कि 22 फरवरी से बातचीत शुरू करने के लिए एक...

नेशनल डेस्क: तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए सीट-बंटवारे की बातचीत शुरू करने में ''देरी'' को लेकर अपने प्रमुख सहयोगी दल कांग्रेस द्वारा चिंता जताए के बाद सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) ने घोषणा की है कि 22 फरवरी से बातचीत शुरू करने के लिए एक समिति गठित की जाएगी। पार्टी ने कहा कि यह समिति द्रमुक अध्यक्ष और मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन द्वारा जल्द ही गठित की जाएगी। द्रमुक के प्रदेश मुख्यालय अन्ना अरिवालयम से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया, ''पार्टी अध्यक्ष द्वारा द्रमुक निर्वाचन क्षेत्र सीट-बंटवारा समिति शीघ्र गठित की जाएगी।

यह समिति विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद 22 फरवरी से सहयोगी दलों के साथ बातचीत करेगी।'' यह घोषणा मंगलवार देर रात ऐसे समय में की गई जब कांग्रेस ने कहा कि उसने द्रमुक के साथ बातचीत शुरू कर दी थी, लेकिन द्रमुक की ओर से वार्ता शुरू करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) प्रभारी गिरीश चोडणकर ने मंगलवार को द्रमुक द्वारा सीट-बंटवारा समिति गठित करने में ''देरी'' पर चिंता जताई थी।

चोडणकर ने दिसंबर 2025 की शुरुआत में स्टालिन से मुलाकात करने वाली अपनी पांच सदस्यीय समिति का उल्लेख करते हुए कहा था कि उन्होंने स्टालिन से मुलाकात कर पार्टी की ओर से बातचीत शुरू की थी, लेकिन द्रमुक ने चर्चा शुरू करने के लिए अब तक अपनी समिति नहीं बनाई है। चोडणकर ने राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों से कहा, ''हम तब से इंतजार कर रहे हैं, यह उम्मीद करते हुए कि वे तुरंत बातचीत शुरू करेंगे और सीटों की संख्या तथा किन निर्वाचन क्षेत्रों में हम चुनाव लड़ेंगे, यह स्पष्ट करेंगे ताकि हम चुनावों के लिए पूरी तैयारी कर सकें।'' तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी (टीएनसीसी) अध्यक्ष के. सेल्वापेरुंथगई ने भी शीघ्र बातचीत के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, ''हमारी ओर से कोई भ्रम नहीं है। द्रमुक ने सीट-बंटवारा समिति नहीं बनाई है। हमने अपने नेताओं से कहा कि अंतिम समय में सीटों की संख्या तय करना और निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान करना चुनावी तैयारियों को प्रभावित करेगा।'' वहीं, द्रमुक ने कहा कि उसके कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनावों से जुड़े काम में व्यस्त हैं। पार्टी ने बताया कि मतदाता सूची के संशोधन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

पार्टी के जिला सचिव, सांसद, विधायक, अन्य पदाधिकारी और मतदान एजेंट पिछले कुछ हफ्तों से मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उसने बताया कि चुनावी घोषणापत्र तैयार करने के लिए भी एक समिति गठित की गई है, जो तमिलनाडु का दौरा कर लोगों की जरूरतों और अपेक्षाओं को समझ रही है। बयान में इन परिस्थितियों को स्पष्ट करते हुए सीट-बंटवारा समिति गठित करने की घोषणा की गयी है। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!