Edited By Pardeep,Updated: 04 Apr, 2026 05:32 AM

ईरान के सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि गिरे हुए अमेरिकी फाइटर जेट की तलाश में भेजा गया अमेरिका का एक हेलिकॉप्टर भी प्रोजेक्टाइल (हमले) का शिकार हो गया। यह रिपोर्ट Mehr News Agency ने प्रकाशित की है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी...
इंटरनेशनल डेस्कः ईरान के सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि गिरे हुए अमेरिकी फाइटर जेट की तलाश में भेजा गया अमेरिका का एक हेलिकॉप्टर भी प्रोजेक्टाइल (हमले) का शिकार हो गया। यह रिपोर्ट Mehr News Agency ने प्रकाशित की है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है और अमेरिकी अधिकारियों की ओर से भी इस पर कोई त्वरित प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पहले जेट गिरने का दावा… फिर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
इससे पहले ईरानी स्टेट टीवी ने दावा किया था कि एक अमेरिकी फाइटर जेट दक्षिण-पश्चिमी ईरान में गिर गया, जिसमें कम से कम एक क्रू मेंबर ने इजेक्ट किया। इसके बाद अमेरिका ने सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जिसमें इजराइल के एक सैन्य अधिकारी के अनुसार इजराइल भी मदद कर रहा था।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में उस पहाड़ी इलाके के ऊपर अमेरिकी ड्रोन, विमान और हेलिकॉप्टर उड़ते दिखे, जहां जेट गिरने की आशंका है।
अगर पुष्टि हुई तो पहली बड़ी घटना…
अगर यह दावा सही साबित होता है, तो यह मौजूदा संघर्ष के दौरान पहली बार होगा जब कोई अमेरिकी विमान ईरान की सीमा के अंदर खोया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि जेट को मार गिराया गया या वह तकनीकी खराबी के कारण क्रैश हुआ। विमान में कितने लोग सवार थे, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है।
व्हाइट हाउस और पेंटागन की चुप्पी…
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप को इस स्थिति की जानकारी दे दी गई है, लेकिन उन्होंने ज्यादा विवरण नहीं दिया। पेंटागन और यूएस सेंट्रल कमांड ने भी अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है।