खाद्य उत्पादों की 'एक्सपायरी' तिथि में हेरफेर करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार

Edited By Updated: 13 Jul, 2026 07:33 PM

gang tampering with  expiry  dates of food products busted

दिल्ली पुलिस ने दक्षिण पूर्वी दिल्ली के ओखला में खाद्य उत्पादों की 'एक्सपायरी' तिथि में कथित रूप से हेरफेर कर उन्हें पुनः बाजार में बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह काम एक औद्योगिक इकाई से किया जा रहा था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह...

नेशनल डेस्क : दिल्ली पुलिस ने दक्षिण पूर्वी दिल्ली के ओखला में खाद्य उत्पादों की 'एक्सपायरी' तिथि में कथित रूप से हेरफेर कर उन्हें पुनः बाजार में बेचने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह काम एक औद्योगिक इकाई से किया जा रहा था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह कार्रवाई ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाने की टीम ने की है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने 20 लाख रुपये से ज़्यादा कीमत के 'एक्सपायर' हो चुके खाद्य एवं पेय उत्पाद जब्त किए है। इन उत्पादों की निर्माण व 'एक्सपायरी' (इस्तेमाल करने की अवधि) की तारीख बदलकर एवं पुन: पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था।

दक्षिण पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेमंत तिवारी ने एक बयान में कहा कि आरोपी कथित तौर पर नामी ब्रांड के 'एक्सपायर' होने वाले या 'एक्सपायर' हो चुके खाद्य उत्पाद बहुत कम कीमत पर खरीदते थे, रसायन का इस्तेमाल करके उन पर अंकित असली निर्माण व 'एक्सपायरी' तारीख मिटा देते थे और फिर नई तारीखें वाले स्टिकर चिपका देते थे। उन्होंने बताया कि इसके बाद इन उत्पादों को देश भर में खुदरा दुकानों और ई-कॉमर्स मंचों के ज़रिए बाज़ार में बेचा जाता था।

डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इकाई के मालिक के 70 वर्षीय दर्शन सिंह सचदेवा, प्रबंधक नितेश भारद्वाज (38), अकाउंटेंट नरेंद्र कुमार (42), ऑपरेटर कपिल (34), गोदाम की देखभाल करने वाले लकी ओझा (45) और सुपरवाइजर प्रेम यादव (33) व पवन कुमार यादव (32) के तौर पर की गई है। तिवारी ने कहा, "ओखला फेज-2 में स्थित एक निजी कंपनी में उपमंडल मजिस्ट्रेट (बदरपुर), भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) और एनजीओ मिशन मुक्ति फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ पुलिस के संयुक्त निरीक्षण के दौरान गिरोह का पर्दाफाश हुआ।" पहले सूचना मिली थी कि इकाई में बाल मजदूरी कराई जा रही है जिसके बाद छापा मारा गया लेकिन निरीक्षण के दौरान बाल मजदूरी का कोई सबूत नहीं मिला। मगर खाद्य उत्पादों की 'एक्सपायरी' तिथि में हेरफेर कर उन्हें पुनः बाजार में बेचने के काम का खुलासा हुआ।

बयान के मुताबिक, तलाशी के दौरान, टीमों ने थम्स अप, फैंटा, बोर्नविटा, हॉर्लिक्स, मैगी नूडल्स, घी, पेपर बोट जूस, दो लीटर शीतल पेय की बोतलें, पेय पदार्थ के डिब्बे और अन्य पैक किए गए खाद्य पदार्थों सहित बड़ी मात्रा में खाद्य और पेय उत्पाद बरामद किए जिनकी एक्सपायरी' तिथि में छेड़छाड़ की गई थी। इसके अलावा पुलिस ने नकली लेबल एवं स्टिकर, नकली न्यूट्रिशन वैल्यू स्टिकर, फर्जी बारकोड एवं बैच लेबल, प्रिंटिंग एवं सीलिंग मशीनें, तिथि बदलने वाले उपकरण एवं रसायन भी बरामद किए। पुलिस ने कहा कि गिरोह के दायरे का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। 

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!