बैंकिंग जगत में हड़कंप: PNB बैंक में बड़ा स्कैम, लाॅकर में रखे 6.50 करोड़ का गोल्ड गायब, मैनेजर समेत कई आरोपी नामजद

Edited By Updated: 03 Feb, 2026 12:01 PM

gold scam at pnb branch bank manager stole gold worth rs 6 crore

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से बैंकिंग जगत को हिला देने वाली एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। नवलगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में करोड़ों रुपये का 'गोल्ड स्कैम' उजागर हुआ है, जिसने बैंक की सुरक्षा और विश्वास पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप...

नेशनल डेस्क:  राजस्थान के झुंझुनूं जिले से बैंकिंग जगत को हिला देने वाली एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। नवलगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में करोड़ों रुपये का 'गोल्ड स्कैम' उजागर हुआ है, जिसने बैंक की सुरक्षा और विश्वास पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि बैंक के ही रक्षक भक्षक बन गए और स्ट्रांग रूम के भीतर रखे ग्राहकों के सोने पर हाथ साफ कर दिया।

तिजोरी से 'गायब' हुआ सोना, आ गए नकली जेवर
नवलगढ़ के नानसा गेट स्थित इस शाखा में करीब 6.50 करोड़ रुपये की कीमत का सोना चोरी होने का मामला दर्ज किया गया है। घोटाले का तरीका बेहद शातिर था; बैंक में ग्राहकों द्वारा गोल्ड लोन के बदले रखे गए असली सोने के पैकेटों से छेड़छाड़ की गई। जांच में सामने आया कि 73 पैकेटों से असली जेवर निकालकर उनकी जगह नकली आभूषण भर दिए गए थे, वहीं 3 अन्य पैकेटों में सोने का वजन कम मिला। बैंक की शुरुआती पड़ताल के अनुसार, कुल 4 किलो 198 ग्राम सोना गायब है।

नई जॉइनिंग और 'पाप' का घड़ा
इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब बैंक के नए वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मुकेश सिहाग ने 30 जनवरी को पदभार संभाला। चार्ज संभालते ही जब उन्होंने स्ट्रांग रूम और गोल्ड सेफ की पड़ताल की, तो वहां मची धांधली देखकर उनके होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में बैंक के तत्कालीन सीनियर मैनेजर अमित कुमार, बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट संतोष कुमार सैनी और डिप्टी मैनेजर अनंतप्रकाश चौधरी को नामजद किया है।

पुलिसिया कार्रवाई और जांच की आंच
नवलगढ़ थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और चोरी सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बैंक अधिकारियों और पुलिस की टीमें अब इस बात की विस्तृत जांच कर रही हैं कि यह खेल कितने समय से चल रहा था और क्या इसमें कुछ और लोग भी शामिल हैं। ग्राहकों की गाढ़ी कमाई और भरोसे के प्रतीक 'सोने' की इस तरह चोरी ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल गरमा दिया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!