Edited By Rohini Oberoi,Updated: 03 Feb, 2026 09:15 AM

देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर नाबालिगों के बढ़ते अपराध और गुस्से से दहल उठी है। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में महज मामूली कहासुनी के बाद तीन किशोरों ने एक डिलीवरी बॉय की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को...
Delhi Road Rage Murder: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर नाबालिगों के बढ़ते अपराध और गुस्से से दहल उठी है। पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर इलाके में महज मामूली कहासुनी के बाद तीन किशोरों ने एक डिलीवरी बॉय की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है लेकिन इस घटना ने दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरी घटना?
2 फरवरी की रात करीब 8 बजे पांडव नगर के व्यस्त इलाके आचार्य निकेतन में यह वारदात हुई। 22 वर्षीय डिलीवरी एग्जीक्यूटिव अरुण राज अपने काम पर था तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नाबालिग वहां पहुंचे।प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार अरुण और उन लड़कों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि नाबालिगों ने चाकू निकालकर अरुण पर हमला कर दिया। आरोपियों ने अरुण के गले और सीने पर चाकू से कई वार किए और उसे खून से लथपथ छोड़कर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में हुई मौत और पुलिसिया कार्रवाई
PCR कॉल मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल अरुण को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री (LBS) अस्पताल ले जाया गया।
-
मृत घोषित: अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। अत्यधिक खून बहना मौत का मुख्य कारण बताया जा रहा है।
-
CCTV से मिली मदद: पांडव नगर थाना पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV कैमरों को खंगाला। फुटेज की मदद से बाइक सवार हमलावरों की पहचान की गई।
-
आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने ऑपरेशन चलाकर तीनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है कि आखिर विवाद की असली वजह क्या थी।
दिल्ली में बढ़ता जुवेनाइल क्राइम
यह मामला दिल्ली में बढ़ते नाबालिग अपराध (Juvenile Crime) की गंभीर स्थिति को दर्शाता है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या नाबालिगों के पास हथियार पहले से मौजूद थे या यह अचानक उपजा गुस्सा था। अरुण के परिवार में इस घटना के बाद मातम छाया हुआ है।