Edited By Radhika,Updated: 14 Feb, 2026 06:25 PM

पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस और 'बिग बॉस' फेम हिमांशी खुराना को विदेश में बैठे गैंगस्टर जीशान अख्तर ने जान से मारने की धमकी दी है। धमकी के साथ गैंगस्टर ने एक्ट्रेस से 10 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग भी की है। धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस...
नेशनल डेस्क: पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री की एक्ट्रेस और 'बिग बॉस' फेम हिमांशी खुराना को विदेश में बैठे गैंगस्टर जीशान अख्तर ने जान से मारने की धमकी दी है। धमकी के साथ गैंगस्टर ने एक्ट्रेस से 10 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग भी की है। धमकी मिलने के बाद पंजाब पुलिस अलर्ट पर है और एक्ट्रेस की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
ईमेल के जरिए मिली धमकी
मोहाली के एसपी (डी) सौरभ जिंदल के अनुसार, यह धमकी हिमांशी को ईमेल के माध्यम से प्राप्त हुई है। पुलिस ने सोहाना थाना में गैंगस्टर जीशान अख्तर के खिलाफ धारा 308(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उस आईपी एड्रेस की जांच कर रही है जिससे यह धमकी भरा ईमेल भेजा गया था।

इन्हें भी मिल चुकी है धमकी
हिमांशी के अलावा बॉलीवुड के सुपरस्टार रणवीर सिंह को भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे हैरी बॉक्सर ने व्हाट्सएप पर वॉयस नोट भेजकर धमकाया है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने वॉयस नोट में हैरी बॉक्सर की आवाज की पुष्टि की है। हैरी ने रणवीर के साथ-साथ उनके करीबियों और मैनेजरों को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी है। इससे पहले, मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर भी फायरिंग की घटना हो चुकी है। इस हमले की जिम्मेदारी भी बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लोनकर और हैरी बॉक्सर ने ली थी।
सिंगर्स को भी मिल रहे हैं फिरौती के कॉल
गैंगस्टरों का यह जाल पूरी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री में फैलता जा रहा है। इसी साल जनवरी में मशहूर सिंगर बी-प्राक और उनके साथी दिलनूर को भी जबरन वसूली के कॉल आए थे। इंडस्ट्री में बढ़ते इस अपराध ने कलाकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।