Edited By Anu Malhotra,Updated: 27 Feb, 2026 09:02 AM

भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारे रिंकू सिंह के लिए यह समय बेहद कठिन साबित हो रहा है। एक तरफ जहां पूरा देश टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांच में डूबा है, वहीं रिंकू के घर से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे उनके पिता,...
नेशनल डेस्क: भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारे रिंकू सिंह के लिए यह समय बेहद कठिन साबित हो रहा है। एक तरफ जहां पूरा देश टी20 वर्ल्ड कप 2026 के रोमांच में डूबा है, वहीं रिंकू के घर से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे उनके पिता, खानचंद्र सिंह, अब इस दुनिया में नहीं रहे। लिवर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से लड़ते हुए उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में आखिरी सांस ली।
मैदान और अस्पताल के बीच झूलते रहे रिंकू
रिंकू सिंह के लिए यह वर्ल्ड कप केवल बल्ले की जंग नहीं, बल्कि एक भावनात्मक संघर्ष भी था। उनके पिता स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे और उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई थी। अस्पताल में उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। जब रिंकू को उनकी बिगड़ती सेहत की जानकारी मिली, तो वह तुरंत वर्ल्ड कप का कैंप छोड़कर अपने परिवार के पास पहुंचे थे। हालांकि, अपने पेशेवर कर्तव्य और पिता के सपनों को पूरा करने के जुनून के बीच, वह जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से ठीक पहले वापस टीम के साथ जुड़ गए थे।
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से दूरी और टीम में बदलाव
जिम्बाब्वे के साथ हुए मुकाबले में रिंकू सिंह मैदान पर नजर नहीं आए। मानसिक तनाव और अभ्यास की कमी के चलते उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला, जिन्होंने 22 रनों की उपयोगी पारी खेलकर टीम की जीत में योगदान दिया। भारत ने यह मैच जीतकर सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है, लेकिन टीम की इस खुशी के बीच रिंकू के पिता के निधन की खबर ने खिलाड़ियों और फैंस को गमगीन कर दिया है।
क्या आगे खेल पाएंगे रिंकू?
पिता के जाने के बाद रिंकू सिंह के आगामी मैचों में खेलने को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है। एक बेटा होने के नाते इस समय उनका परिवार के साथ होना जरूरी है, लेकिन टीम इंडिया के 'फिनिशर' के तौर पर उनकी कमी भी खलेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही इस पर स्पष्ट जानकारी साझा कर सकता है कि रिंकू आगे टूर्नामेंट का हिस्सा बने रहेंगे या घर वापस लौटेंगे। पूरा क्रिकेट जगत इस दुख की घड़ी में रिंकू और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहा है।