यूपी में संगठन को मजबूत करेगी लोजपा, विधानसभा चुनाव लड़ने की पहल होगी: Chirag Paswan

Edited By Updated: 05 Jul, 2026 03:54 PM

ljp will strengthen its organization in up will take initiative to contest the

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मज़बूत करने की कोशिशों के तहत इस साल लखनऊ में पार्टी संस्थापक रामविलास पासवान की जयंती मनाने...

लखनऊ: केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मज़बूत करने की कोशिशों के तहत इस साल लखनऊ में पार्टी संस्थापक रामविलास पासवान की जयंती मनाने का फ़ैसला किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का जन्म पांच जुलाई 1946 को बिहार के खगड़िया में हुआ था। पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी दिवंगत रामविलास पासवान के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए देश भर में अपने संगठनात्मक आधार को बढ़ाने के लिए काम कर रही है। 

यूपी में पार्टी को मजबूत करना मकसद 
उन्होंने कहा, ''पार्टी ने इस साल लखनऊ में हमारे संस्थापक, मेरे नेता और मेरे पिता, दिवंगत रामविलास पासवान की जयंती मनाने का फ़ैसला किया है। इस कार्यक्रम के ज़रिए हमारा मकसद संगठन में नई ऊर्जा भरना और उत्तर प्रदेश में पार्टी को मज़बूत करना है।'' राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल के नेता चिराग ने कहा कि लोजपा (रामविलास) ने पहले ही बिहार में मज़बूत उपस्थिति बना ली है और झारखंड व नगालैंड में उसके विधायक हैं, साथ ही वह कई पूर्वोत्तर राज्यों में भी अपना दायरा बढ़ा रही है।

यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी पार्टी 
चिराग़ पासवान ने कहा, ''इसी सोच के साथ, हमने उत्तर प्रदेश में संगठन को मज़बूत करने का लक्ष्य रखा है। आने वाले दिनों में प्रदेश इकाई के नेतृत्व में राज्य के अलग-अलग ज़िलों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।'' इस सवाल पर कि क्या पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी और गठबंधन की रणनीति क्या होगी, पासवान ने कहा कि पार्टी चुनावी मैदान में उतरने की इच्छुक है, लेकिन सीट-साझेदारी और गठबंधन पर फैसला प्रदेश इकाई करेगी और केंद्रीय संसदीय बोर्ड उसे मंज़ूरी देगा।

केंद्रीय संसदीय बोर्ड चुनाव लड़ने का लेगा फैसला 
उन्होंने कहा, ''मैं ईमानदारी से मानता हूं कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का इरादा रखती है। गठबंधन का स्वरूप और हम कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे, इसका फ़ैसला प्रदेश इकाई करेगी, जिसका प्रस्ताव अंतिम मंज़ूरी के लिए केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेजा जाएगा।'' उन्होंने कहा, ''हम केंद्र और बिहार में राजग का हिस्सा हैं और निश्चित रूप से हम उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन को मज़बूत करना चाहते हैं।

पीएम नेतृत्व में दुनिया भर में भारत का कद बढ़ा 
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मिली कथित ऑनलाइन धमकी के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए पासवान ने कहा कि इस मामले को पूरी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह चिंता की बात है और इसे बहुत गंभीरता से लिया जाना चाहिए। चिराग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, दुनिया भर में भारत का कद और उनकी लोकप्रियता बढ़ी है, ज़ाहिर है, कुछ लोग ऐसे भी हो सकते हैं जिनके मन में उनके प्रति बुरी भावनाएं हों। उन्होंने कहा कि जो कोई भी ऐसी धमकियों के पीछे है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

राम मंदिर आस्था से जुड़ा विषय इस राजनीति नहीं होनी चाहिए
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर, चिराग पासवान ने कहा, ''यह भ्रष्टाचार से जुड़ा मुद्दा है जिसने लाखों भक्तों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई है। मैं खुद भगवान राम का भक्त हूं। भगवान राम में आस्था रखने वाला हर व्यक्ति इस मामले को लेकर चिंतित है। आस्था के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार दोनों ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ेगी, जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह कितना भी वरिष्ठ अधिकारी या पदाधिकारी क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को सबसे कड़ी सज़ा दी जाएगी ताकि कोई भी दोबारा राम भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे।'' प्रभावशाली लोगों को बचाने के विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए, उन्होंने कहा कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!