Edited By Rohini Oberoi,Updated: 26 Jun, 2026 01:37 PM

ओडिशा की सुवर्णपुर जिला पुलिस ने बिनिका थाना क्षेत्र के सिंघीजुबा गांव में हुई गोलीबारी के सनसनीखेज मामले को सुलझा लिया है और इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार करके अपराध में इस्तेमाल हथियार, कारतूस और अन्य हथियार जब्त कर लिए हैं।पुलिस के अनुसार यह...
नेशनल डेस्क। ओडिशा की सुवर्णपुर जिला पुलिस ने बिनिका थाना क्षेत्र के सिंघीजुबा गांव में हुई गोलीबारी के सनसनीखेज मामले को सुलझा लिया है और इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार करके अपराध में इस्तेमाल हथियार, कारतूस और अन्य हथियार जब्त कर लिए हैं।पुलिस के अनुसार यह घटना 19 जून की रात करीब 11:30 बजे की है जब सशस्त्र बदमाशों के एक समूह ने सिंघीजुबा गांव में अशोक नंदा के आवास पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। हमलावरों ने पास में खड़ी दो गाड़ियों को भी निशाना बनाया जिससे उन्हें काफी नुकसान पहुंचा।
मामले में अशोक नंदा और सुभाष चंद्र पात्रा ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज करवाई थीं। सुवर्णपुर पुलिस ने बिनिका, रामपुर और सोनपुर थानों के अधिकारियों को मिलाकर तीन विशेष जांच टीमों का गठन किया। टीमों ने फोरेंसिक और तकनीकी सबूत जुटाये, चश्मदीदों के बयान दर्ज किए और जमीनी स्तर पर व्यापक जांच की।
जांच के दौरान रामपुर थाना पुलिस ने 20 जून को रामपुर थाने में दर्ज एक अन्य मामले में टाइगर उर्फ तन्मय बाग को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसकी बिनिका गोलीबारी मामले में संलिप्तता का पता चला। इसके बाद उसे रिमांड पर लिया गया। पुलिस जांच से पता चला कि तन्मय बाग की अशोक नंदा से पुरानी रंजिश थी। जांचकर्ताओं का यह भी आरोप है कि दुर्वासा बेहेरा के उकसाने पर तन्मय बाग और उसके साथियों ने नंदा को जान से मारने की साजिश रची थी।
यह भी पढ़ें: Andhra Road Accident: आंध्र और हैदराबाद में अलग-अलग दुर्घटनाओं में 10 लोगों की मौत, 15 घायल
जांच के मुताबिक 19 जून की रात करीब 11:40 बजे तन्मय बाग, दुर्वासा बेहेरा, लोकनाथ नायक उर्फ हंटर, मुना बारिक और अन्य लोग एक कार और एक अन्य गाड़ी से अशोक नंदा के घर के पास पहुंचे। उन्होंने नंदा को बाहर बुलाया और जैसे ही वह बाहर आया उन पर गोलियां चला दीं। इस हमले में नंदा बाल-बाल बच गये हालांकि गोलियां उनकी गाड़ी और घर के कुछ हिस्सों में लगीं।
आरोपियों ने सड़क के दूसरी तरफ खड़े एक अन्य व्यक्ति और उसकी गाड़ी पर भी फायरिंग की। पुलिस ने बताया कि आरोपी रामपुर की तरफ भागने से पहले करीब 10 मिनट तक मौके पर ही रुके रहे। पुलिस अब तक बेहेरा, नायक उर्फ हंटर और बारिक को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी टाइगर उर्फ तन्मय बाग को भी इस मामले में रिमांड पर पेश किया जायेगा।
कारर्वाई के दौरान पुलिस ने दो हथियार, 20 कारतूस, दो तलवारें, एक चाकू और दो मोबाइल फोन जब्त किये। सभी आरोपियों को सक्षम अदालत के समक्ष पेश कर दिया गया है जबकि इस साजिश में शामिल बाकी लोगों का पता लगाने और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच से संकेत मिलता है कि गोलीबारी की यह घटना व्यक्तिगत दुश्मनी की वजह से हुई थी और बेहेरा और टाइगर उर्फ तन्मय बाग ने अंजाम दिया था।