Edited By Sahil Kumar,Updated: 08 Sep, 2026 04:34 PM

महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक की स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से हुई टक्कर में तीन वर्षीय बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि ये सभी पड़ोसी...
गोंदियाः महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक की स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से हुई टक्कर में तीन वर्षीय बच्चे समेत छह लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि ये सभी पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश के प्रवासी मजदूर थे और काम के सिलसिले में तेलंगाना के करीमनगर जा रहे थे।
गोंदिया ग्रामीण पुलिस के निरीक्षक वैभव पवार ने बताया कि यह हादसा सोमवार रात जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर नागरा गांव के पास हुआ। उन्होंने बताया कि गोंदिया निवासी ट्रक चालक मोहसिन खान (32) ने सामने से आ रही एसयूवी को टक्कर मार दी। पवार ने बताया कि इन सभी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए जिन्हें एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान किरण संतोष वैद्य (26), संतोष मात्रे (38), सुशीला मात्रे (35), रूपसेन तेजलाल सत्याकार (35), ज्योति रूपसेन सत्याकार (32) और तीन वर्षीय आरुष मात्रे के रूप में हुई है। ये सभी मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर तहसील के निवासी थे। ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और मोटर वाहन अधिनियम के अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।