Edited By Rohini Oberoi,Updated: 02 Mar, 2026 08:57 AM

बिसरख थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा होते-होते बचा। गैलेक्सी गोल चक्कर से हनुमान मंदिर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे और खुले नाले में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की...
Greater Noida West Car Accident : बिसरख थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा होते-होते बचा। गैलेक्सी गोल चक्कर से हनुमान मंदिर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे और खुले नाले में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार कार चालक सुशील त्यागी रविवार देर रात अपनी स्विफ्ट कार से जा रहे थे। जब वह सर्वोत्तम स्कूल के पास पहुंचे तो कार बेकाबू हो गई। पुलिस के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक संभवतः रास्ता भटक गया। मुड़ने के बजाय कार सीधे चली गई और सड़क खत्म होते ही गहरे नाले में जा गिरी।
रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस का दावा
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सीढ़ियों की मदद से कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। नाले में फंसी कार को निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। बिसरख पुलिस का दावा है कि चालक नशे की हालत में था जिस कारण वह टर्न नहीं देख पाया। हालांकि मामले की जांच जारी है।
बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर न होने से बढ़ा खतरा
स्थानीय निवासियों और चश्मदीदों का कहना है कि जिस जगह कार नाले में गिरी वहां सड़क अचानक खत्म हो जाती है। नाले के चारों ओर न तो कोई बैरिकेडिंग थी और न ही रात में चमकने वाले रिफ्लेक्टर जिससे चालक को खतरे का अंदाजा नहीं हुआ। इस लापरवाही के कारण पहले भी यहां छोटे-मोटे हादसे होते रहे हैं।
प्रशासन का बयान
प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। चालक सुरक्षित है और वाहन को नाले से बाहर निकाल लिया गया है। प्रथम दृष्टया यह मामला लापरवाही से वाहन चलाने का लग रहा है लेकिन सड़क पर सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की जाएगी।