Edited By Parveen Kumar,Updated: 10 Jun, 2026 05:16 PM

बॉलीवुड जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां 3 अभिनेताओं को कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को राजस्थान के बारां जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने चर्चित पान मसाला ब्रांड के...
नेशनल डेस्क : बॉलीवुड जगत से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां 3 अभिनेताओं को कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को राजस्थान के बारां जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग ने चर्चित पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन को लेकर बड़ा कदम उठाते हुए कंपनी के मालिक विमल अग्रवाल समेत तीनों अभिनेताओं को नोटिस जारी किया है।
मामला एक नागरिक अधिकार संस्था की ओर से दायर शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता वीरेंद्र सिंह ने विज्ञापन में किए जा रहे दावों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि पान मसाला के विज्ञापन में केसर होने का दावा किया जाता है, जबकि बेहद कम कीमत में बिकने वाले उत्पाद में इतनी महंगी केसर का इस्तेमाल संभव नहीं दिखाई देता।
शिकायत के अनुसार, लगभग 5 रुपये में मिलने वाले पैकेट में लाखों रुपये प्रति किलो कीमत वाली केसर मिलाने का दावा उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकता है। याचिकाकर्ता ने इसे भ्रामक विज्ञापन बताते हुए इसके प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने सभी पक्षों को नोटिस जारी कर 9 जुलाई तक व्यक्तिगत रूप से या अपने अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नोटिस प्राप्त होने के 30 दिनों के भीतर जवाब और संबंधित दस्तावेज भी जमा करने को कहा गया है।
विज्ञापन पर रोक लगाने की मांग से जुड़ी याचिका पर आयोग ने अगली सुनवाई 22 जून को निर्धारित की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई कंपनियों के विज्ञापनों में किए गए दावों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। ऐसे में अब सबकी नजरें इस मामले की आगामी सुनवाई और कोर्ट के फैसले पर टिकी हैं।