मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन, 'मिसिंग लिंक' बंद होने से ट्रैफिक डायवर्ट, घंटों जाम में फंसे वाहन

Edited By Updated: 06 Jul, 2026 01:48 PM

mumbai pune expressway missing link landslide traffic diversion khopoli

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सोमवार सुबह पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' रूट पर लैंडस्लाइड हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, खोपोली-कुसगांव सेक्शन में टनल-2 के एग्जिट के पास भूस्खलन के बाद एहतियातन पुणे से मुंबई जाने वाले...

मुंबई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते सोमवार सुबह पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे के 'मिसिंग लिंक' रूट पर लैंडस्लाइड हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, खोपोली-कुसगांव सेक्शन में टनल-2 के एग्जिट के पास भूस्खलन के बाद एहतियातन पुणे से मुंबई जाने वाले वाहनों का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया।

करीब दो महीने पहले शुरू किया गया 13 किलोमीटर लंबा 'मिसिंग लिंक' बाईपास सह्याद्रि पर्वतमाला से होकर गुजरता है। इस रूट से यात्रा की दूरी लगभग 6 किलोमीटर कम हो जाती है और सफर में 25 से 30 मिनट तक की बचत होती है।

महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोमवार सुबह 4 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। निगम ने कहा कि वह हाईवे ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही इस रूट पर यात्रा करें।

इस बीच, सांगली से मुंबई जा रहे एक वाहन चालक ने बताया कि 'मिसिंग लिंक' बंद होने के कारण उन्हें लोनावला के रास्ते जाना पड़ा, जहां सुबह 4 बजे से ही लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के लोनावला वाले हिस्से में वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं और यातायात बेहद धीमी गति से चल रहा है।

हाईवे ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम के अनुसार, भारी बारिश के कारण जलभराव और लैंडस्लाइड की वजह से एक्सप्रेसवे के खंडाला घाट सेक्शन में भी यातायात प्रभावित हुआ है।

बता दें कि बहुत भारी बारिश और तेज़ हवाओं के 'रेड' अलर्ट के बाद, बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सोमवार को डेवलपर्स और ठेकेदारों को खतरनाक निर्माण कार्य रोकने और सभी प्रोजेक्ट साइटों पर सुरक्षा के कड़े उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। BMC ने कहा कि इस सलाह का पालन करना अनिवार्य है और इस बात पर ज़ोर दिया कि श्रमिकों, आस-पास रहने वाले लोगों और आम जनता की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। डेवलपर्स, आर्किटेक्ट्स, लाइसेंस प्राप्त सर्वेक्षकों, ठेकेदारों, प्रोजेक्ट मैनेजरों और साइट इंजीनियरों को जारी एक सलाह में, नगर निकाय ने उनसे मचान (scaffolding), टॉवर क्रेन, मटीरियल होइस्ट, सुरक्षा जाल, फॉर्मवर्क, टिन की चादरों और अन्य अस्थायी ढांचों की जांच करने को कहा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे स्थिर और मज़बूती से बंधे हुए हैं।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक बयान के बाद सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी पार्टियों ने सोमवार को मुंबई पुणे एक्सप्रेसवे के नए खुले खोपोली-कुसगांव मिसिंग लिंक सेक्शन पर बड़े लैंडस्लाइड के बाद ट्रैफिक में रुकावट को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की। शिवसेना (UBT), कांग्रेस और NCP (SP) ने महायुति सरकार पर करप्शन का आरोप लगाते हुए कहा है कि जनता इसे माफ नहीं करेगी।

'वर्क फ्रॉम होम' करने की अनुमति दें
वहीं, महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (SDMA) ने सोमवार को मुंबई में प्राइवेट कंपनियों को सलाह दी कि वे कर्मचारियों को जहां संभव हो 'वर्क फ्रॉम होम' (घर से काम) करने की अनुमति दें। साथ ही, गैर-जरूरी सरकारी दफ्तरों को सिर्फ आधे दिन काम करने का निर्देश दिया गया, क्योंकि राज्य में रेड अलर्ट के बीच भारी बारिश जारी है।

SDMA ने आगे कहा, "कोंकण/तटीय इलाकों के कुछ जिलों के लिए 6-7 जुलाई के दौरान रेड/ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गैर-जरूरी यात्रा, पानी से भरी सड़कों, झरनों और घाट वाले रास्तों पर जाने से बचें। आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112, 1070 और 1077 पर कॉल करें।" बॉम्बे हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने एक ऑफिस ऑर्डर जारी किया है, जिसमें कहा गया है: "कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के निर्देशानुसार, हाईकोर्ट के वे सभी मिनिस्टीरियल अधिकारी और कर्मचारी जो दूर-दराज के इलाकों में रहते हैं और भारी बारिश के कारण आज ऑफिस नहीं आ पा रहे हैं, उन्हें अनुपस्थित (absent) नहीं माना जाएगा।" मूसलाधार बारिश ने पूरे महाराष्ट्र में तबाही मचाई है, जिससे कई इलाकों में बड़े पैमाने पर जलजमाव हो गया है और कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज मुंबई सहित कई शहरों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है, जबकि अन्य क्षेत्रों में 'ऑरेंज अलर्ट' बना हुआ है।

बाढ़ का खतरा मंडरा रहा
लगातार हो रही बारिश ने रायगढ़, चिपलूण और रत्नागिरी पर बाढ़ का खतरा मंडरा दिया है। मुंबई और पुणे के बीच आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। मुंबई-पुणे के सफर को आसान बनाने के लिए बनाए गए नए 'मिसिंग लिंक' पर भारी भूस्खलन (landslide) के कारण गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है। भारी बारिश ने मुंबई की लाइफलाइन माने जाने वाले लोकल ट्रेन नेटवर्क को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। लगातार बारिश के कारण मुंबई में अफरातफरी का माहौल है। तेज हवाओं के साथ हो रही भारी बारिश ने लोकल ट्रेनों के संचालन में भारी बाधा डाली है, जिससे रोज सफर करने वालों और काम पर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!