Edited By Rahul Rana,Updated: 21 Aug, 2026 02:07 PM

ब्रिटेन के बर्मिंघम में एक शादी समारोह स्थल के बाहर संदिग्ध पेट्रोल बम फेंके गए।
बर्मिंघम: ब्रिटेन के बर्मिंघम में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब समारोह स्थल के बाहर संदिग्ध पेट्रोल बम फेंके गए। घटना 19 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे स्पार्कब्रुक इलाके के हाईगेट रोड स्थित रॉयल शालीमार वेन्यू के बाहर हुई। उस समय अंदर करीब 500 मेहमान मौजूद थे।
मेहमानों के बेहद करीब गिरे आग के गोले
रिपोर्टों के मुताबिक, हमलावरों ने बाहर मौजूद लोगों की दिशा में तीन संदिग्ध आग लगाने वाले उपकरण फेंके। इनमें से कुछ मेहमानों के बेहद करीब गिरे। मौके पर मौजूद लोगों में बच्चे भी शामिल थे और फुटेज में लोगों को आग से बचने के लिए तेजी से पीछे हटते देखा जा सकता है। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सुपरकारों को भी बनाया गया निशाना
हमले के दौरान दो अन्य संदिग्ध पेट्रोल बम बाहर खड़ी महंगी कारों की कतार की ओर फेंके गए। इसके बाद कम से कम दो लग्जरी कारों में आग लग गई। मीडिया रिपोर्टों में इन वाहनों को लेम्बोर्गिनी और मैकलारेन बताया गया है, हालांकि पुलिस ने कारों के मेक और मॉडल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सीसीटीवी फुटेज में काले कपड़े पहने संदिग्धों को सड़क के दूसरी ओर से आग लगाने वाले उपकरण फेंकते देखा गया। एक अन्य व्यक्ति कारों के पास पहुंचता दिखाई देता है, जिसके बाद वहां अचानक आग का बड़ा गोला उठता है।
कर्मचारियों ने संभाला मोर्चा
आग फैलने से पहले वेन्यू के कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से लपटों पर काबू पाने की कोशिश की। इसके बाद आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, हमले में दो कारों को आग से नुकसान पहुंचा है। यह हाईगेट रोड पर स्थित एक बड़ा वेडिंग और इवेंट वेन्यू है, जहां सैकड़ों मेहमानों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी की जांच की जा रही है।
पुलिस ने की गवाहों से अपील
वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी रखने वाले लोगों से सामने आने की अपील की है। पुलिस खास तौर पर उन लोगों से संपर्क चाहती है जिनके पास घटना के समय का CCTV, डैशकैम या मोबाइल फुटेज हो सकता है।