Edited By Mansa Devi,Updated: 01 Apr, 2026 04:02 PM

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी ऐसा नहीं होने देंगे।
नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को आरोप लगाया कि अगर कांग्रेस असम में सत्ता में आई तो वह घुसपैठियों की रक्षा के लिए कानून लाएगी लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी ऐसा नहीं होने देंगे। मोदी ने धेमाजी जिले के गोगामुख में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस का मकसद ''बहुसंख्यक समुदाय को अल्पसंख्यक में बदलना और घुसपैठियों का एक स्थायी वोट बैंक बनाना'' है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ''कांग्रेस नेता खुलेआम कह रहे हैं कि वे घुसपैठियों की रक्षा के लिए असम में नया कानून लाएंगे और वे उनका खुलकर समर्थन कर रहे हैं।'' उन्होंने कांग्रेस पर देश को ''उसी तरह बांटने'' का आरोप लगाया जैसा ''विभाजन के दौरान मुस्लिम लीग ने किया'' था। मोदी ने कहा, ''कांग्रेस ने बाबा साहेब आंबेडकर द्वारा तैयार किए गए संविधान पर भी छुरा घोंपा है।''

प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर भाजपा फिर सत्ता में आई तो वह ''असम की पहचान की रक्षा के लिए समान नागरिक संहिता लागू करेगी और छठी अनुसूची के तहत जनजातीय समुदायों की सुरक्षा करेगी।'' उन्होंने कहा, ''भाजपा के 10 साल के शासन ने असम में 'सेवा' और 'सुशासन' के नए दौर की शुरुआत की है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी लोग कह रहे हैं कि केवल भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ही असम में आधुनिक बुनियादी ढांचा तैयार कर सकता है। उन्होंने कहा, ''भाजपा लोगों के आशीर्वाद से असम चुनाव में 'हैट्रिक' लगाएगी जबकि कांग्रेस चुनावों में हार का शतक लगाएगी।''