Edited By Rohini Oberoi,Updated: 12 Jun, 2026 11:07 AM
देशभर के मौसम ने एक बार फिर अचानक खतरनाक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश सहित देश के 13 राज्यों में भारी मूसलाधार बारिश, भयंकर आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) का हाई...
Heavy Rain Alert : देशभर के मौसम ने एक बार फिर अचानक खतरनाक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश सहित देश के 13 राज्यों में भारी मूसलाधार बारिश, भयंकर आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने (वज्रपात) का हाई अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस दौरान कई राज्यों में 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता को बेहद सतर्क रहने और गैरजरूरी यात्राओं से बचने की सख्त सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हरियाणा के ऊपर बने एक मजबूत 'साइक्लोनिक सर्कुलेशन' (चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र) और सक्रिय 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) के आपसी टकराव के कारण उत्तर और मध्य भारत का मौसम अचानक इतना आक्रामक हो गया है। इसी ट्रांजिशन (बदलाव) के बीच मानसून भी पूर्वी भारत की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
दिल्ली-NCR में रेड अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार रात से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिनभर की भीषण उमस के बाद अचानक छाए काले बादलों और आंधी-बारिश ने तापमान तो गिरा दिया है लेकिन खतरा अभी टला नहीं है। IMD ने दिल्ली के लिए 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए कहा है कि यहां 70 से 80 किमी/घंटे, और कुछ इलाकों में 90 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है। इतनी तेज हवाओं से बड़े पेड़ उखड़ने, बिजली के खंभे गिरने और ट्रैफिक पूरी तरह ठप होने की आशंका है। तापमान अधिकतम 32°C और न्यूनतम 26°C तक रहने का अनुमान है।

जानिए राज्य के हिसाब से मौसम का हाल
1. उत्तर प्रदेश में बारिश-आंधी का डबल अटैक
यूपी के आगरा, मथुरा, झांसी, गोरखपुर, बलिया, देवरिया और सोनभद्र समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों ही हिस्सों में 70 किमी/घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
यह भी पढ़ें: Indian Navy का हैरतअंगेज कारनामा: कोच्चि आ रहे कच्चे तेल के टैंकर से निकाला जिंदा मिसाइल वॉरहेड, टला बड़ा ब्लास्ट
2. बिहार और झारखंड में मानसून की एंट्री
बिहार के पटना, गया, दरभंगा, समस्तीपुर, पूर्णिया और कटिहार में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली की चेतावनी है। यहां 70 किमी/घंटे की स्पीड से हवाएं चलेंगी। वहीं रांची, दुमका, देवघर और सिंहभूम में अगले कुछ घंटों में मानसून आधिकारिक रूप से प्रवेश कर सकता है जिससे लगातार भारी बारिश और जलभराव (Waterlogging) की स्थिति बन सकती है।
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup Shock: विश्व कप से बाहर हुआ यह मशहूर खिलाड़ी, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से अचानक लिया संन्यास
3. मध्य प्रदेश और राजस्थान में ओले और रेतीला तूफान
मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर और विदिशा में अगले 48 घंटों में मौसम पूरी तरह पलट जाएगा। तेज आंधी-तूफान के साथ कुछ जिलों में ओलावृष्टि (ओले गिरने) की प्रबल संभावना है। वहीं राजस्थान के जयपुर, कोटा, अजमेर, अलवर और बीकानेर में 65 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। रेतीले इलाकों में धूल का बवंडर उठने से दृश्यता (Visibility) काफी कम हो सकती है।

4. पंजाब और हरियाणा में चक्रवात का असर
पटियाला, लुधियाना, अमृतसर और गुरदासपुर समेत पूरे पंजाब-हरियाणा में 50 से 60 किमी/घंटे की हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को अपनी कटी या खड़ी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है।

5. पश्चिम बंगाल में काले बादलों का डेरा
कोलकाता, अलीपुरद्वार, कलिम्पोंग, हुगली और पश्चिमी मेदिनीपुर में मानसूनी बादलों ने कब्जा कर लिया है। यहां 65 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी जलभराव की आशंका जताई गई है।

पहाड़ों पर लैंडस्लाइड का अलर्ट
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और चमोली में भारी बारिश के कारण भूस्खलन (Landsplide) का खतरा बढ़ गया है। चारधाम यात्रियों और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने को कहा गया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू, मनाली, मंडी और कांगड़ा में 70 किमी/घंटे की तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश से मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, पुलवामा, राजौरी और किश्तवाड़ में खराब मौसम के चलते सड़क और हवाई यातायात (Flights) प्रभावित होने की पूरी आशंका है।
वहीं अगर बात की जाए असम, मेघालय, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून पूरी ताकत से बरस रहा है जिससे बाढ़ और भूस्खलन की चेतावनी दी गई है। वहीं दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना के साथ-साथ महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा में भी मानसूनी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है।