Edited By Rohini Oberoi,Updated: 18 Jun, 2026 11:31 AM

कर्नाटक के दावणगेरे (Davanagere) शहर से एक बेहद दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के केटीजे नगर में रहने वाले 26 साल के राष्ट्रीय स्तर (National Level) के प्रसिद्ध बॉडीबिल्डर सुशील कुमार की दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ने से...
National Bodybuilder Death : कर्नाटक के दावणगेरे (Davanagere) शहर से एक बेहद दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के केटीजे नगर में रहने वाले 26 साल के राष्ट्रीय स्तर (National Level) के प्रसिद्ध बॉडीबिल्डर सुशील कुमार की दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ने से अचानक मौत हो गई।
अपनी कड़ी मेहनत की बदौलत राज्य और देशभर में सैकड़ों पुरस्कार जीतकर दावणगेरे का नाम रोशन करने वाले इस होनहार और फिट खिलाड़ी की मौत ने खेल जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। सबसे ज्यादा भावुक करने वाली बात यह है कि इस युवा बेटे की अचानक मौत के गवाह उसके बेबस माता-पिता खुद बने।
सुबह किया था हैवी वर्कआउट
पारिवारिक सूत्रों और करीबियों से मिली जानकारी के मुताबिक सुशील कुमार की दिनचर्या हमेशा की तरह सामान्य और अनुशासित थी। सुशील कुमार ने बुधवार की सुबह हमेशा की तरह जिम में अपना कड़ा और भारी वर्कआउट पूरा किया था। वे पूरी तरह स्वस्थ और एक्टिव नजर आ रहे थे। शाम के समय वे दोबारा अपने दूसरे वर्कआउट सेशन के लिए जिम जाने की तैयारी कर चुके थे।
यह भी पढ़ें: IMD Rain Alert: अगले 4 से 5 दिनों में इन राज्यों में झमाझम बारिश का अलर्ट, दिल्ली-पंजाब में बदलेगा मौसम, जानें कब पहुंचेगा मॉनसून?
अस्पताल पहुंचने से पहले थमी सांसें
मौत इतनी अचानक आई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सुशील कुमार शाम को घर से बाहर निकलने ही वाले थे। उन्हें दावणगेरे जिला अस्पताल में काम करने वाली अपनी मां को उनकी ड्यूटी पर छोड़ना था। जैसे ही वे घर के दरवाजे के पास पहुंचे उन्हें अचानक तेज चक्कर आया और वे अपने माता-पिता के सामने ही जमीन पर गिर पड़े।
आनन-फानन में परिवार वाले उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर भागे। डॉक्टरों ने जांच में पाया कि उनका ब्लड प्रेशर (BP) खतरनाक स्तर तक गिर चुका था। अस्पताल में इलाज ठीक से शुरू हो पाता उससे पहले ही इस युवा चैंपियन ने दम तोड़ दिया।