Edited By Rohini Oberoi,Updated: 19 Jul, 2026 03:23 PM

दुनिया की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स और स्मार्टफोन निर्माता कंपनी सैमसंग ने अमेरिका में अपने कर्मचारियों की संख्या में बड़ी छंटनी करने का ऐलान किया है। कंपनी ने अपने मोबाइल, डिस्प्ले, टेलीविजन और होम अप्लायंसेज (कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स) विभागों से जुड़े...
Samsung Electronics Job Cuts : दुनिया की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स और स्मार्टफोन निर्माता कंपनी सैमसंग ने अमेरिका में अपने कर्मचारियों की संख्या में बड़ी छंटनी करने का ऐलान किया है। कंपनी ने अपने मोबाइल, डिस्प्ले, टेलीविजन और होम अप्लायंसेज (कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स) विभागों से जुड़े कई कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। इस छंटनी का सबसे बड़ा असर अमेरिका के न्यू जर्सी और टेक्सास राज्यों में काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ा है। टेक एक्सपर्ट्स के मुताबिक वैश्विक मंदी और चीनी कंपनियों से मिल रही कड़ी टक्कर के बीच यह फैसला लिया गया है।
बता दें कि कंपनी 'सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स अमेरिका' (SEA) के अपने मुख्य मुख्यालय (हेडक्वार्टर) को न्यू जर्सी से हटाकर टेक्सास शिफ्ट कर रही है। इस बड़े बदलाव के कारण कंपनी ने न्यू जर्सी के कर्मचारियों को टेक्सास ट्रांसफर होने का विकल्प दिया था।
जो कर्मचारी पारिवारिक या अन्य कारणों से टेक्सास जाने को तैयार नहीं हुए कंपनी ने उनकी सेवाएं समाप्त कर दी हैं। आंकड़ों के मुताबिक न्यू जर्सी के एंगलवुड क्लिफ्स कार्यालय में 739 पदों पर सीधा असर पड़ा है। वहीं टेक्सास के प्लानो कार्यालय में मोबाइल डिवीजन के करीब 100 कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई है।
वहीं सैमसंग के अलग-अलग विभागों का आर्थिक गणित इस समय बेहद दिलचस्प मोड़ पर है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्रांति के कारण सैमसंग के सेमीकंडक्टर (चिप) कारोबार का प्रदर्शन बेहद शानदार है। एआई चिप्स की बढ़ती वैश्विक मांग से कंपनी का मुनाफा तेजी से बढ़ा है और कंपनी ने नए चिप प्लांट के लिए अरबों डॉलर के निवेश की घोषणा की है।

इसके ठीक उलट, सैमसंग का स्मार्टफोन, टीवी और घरेलू उपकरणों का बाजार काफी दबाव में है। प्रीमियम सेगमेंट में जहां 'एप्पल' (Apple) से सीधी टक्कर है वहीं बजट और मिड-रेंज टीवी बाजार में 'TCL' और 'Hisense' जैसी चीनी कंपनियों ने सैमसंग के शेयर पर कब्जा कर लिया है। इसके अलावा एआई के कारण चिप्स महंगे होने से उत्पादों की निर्माण लागत भी बढ़ गई है।

जानकारी के लिए बता दें कि सैमसंग का यह कदम कोई अकेला मामला नहीं है बल्कि पूरी वैश्विक टेक इंडस्ट्री इस समय 'कॉस्ट कटिंग' (खर्चों में कटौती) के दौर से गुजर रही है। पिछले कुछ समय में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft), अमेजन (Amazon), मेटा (Meta), टेस्ला (Tesla) और ओरेकल (Oracle) जैसी दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों ने भी हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है।
यह भी पढ़ें: आसमानी आफत: खेत में काम कर रहे किसानों पर गिरी बिजली, झुलसने से दर्दनाक मौत, गांवों में पसरा मातम
इन सभी कंपनियों का मुख्य फोकस अब पारंपरिक श्रम बल (Human Resource) को कम करके अपना पूरा निवेश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर और अत्याधुनिक तकनीकों में लगाने पर है।