Edited By Sahil Kumar,Updated: 06 Nov, 2026 12:35 PM

युवा कांग्रेस ने अग्निवीर योजना में केंद्र सरकार के ताजा बदलावों को अपर्याप्त बताते हुए कहा है कि अग्निवीरों की सेवा अवधि चार से बढ़ाकर छह वर्ष करने और मात्र नियमित भर्ती का रास्ता देने से योजना की मूल खामियां दूर नहीं होंगी इसलिए पूरी योजना को वापस...
नई दिल्लीः युवा कांग्रेस ने अग्निवीर योजना में केंद्र सरकार के ताजा बदलावों को अपर्याप्त बताते हुए कहा है कि अग्निवीरों की सेवा अवधि चार से बढ़ाकर छह वर्ष करने और मात्र नियमित भर्ती का रास्ता देने से योजना की मूल खामियां दूर नहीं होंगी इसलिए पूरी योजना को वापस लिया जाना चाहिए।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने शुक्रवार को यहां एक बयान में कहा कि मोदी सरकार को आखिरकार यह स्वीकार करने के लिए मजबूर होना पड़ा है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी 2022 से लगातार अग्निपथ योजना की जिन खामियों को उठा रहे थे, वे सही थीं। उन्होंने कहा कि सरकार की ताजा घोषणा साबित करती है कि योजना का मूल ढांचा युवाओं और सशस्त्र बलों की बुनियादी चिंताओं का समाधान करने में विफल रहा है।
शर्मा ने कहा, 'अग्निवीर योजना देश के युवाओं के भविष्य और हमारी सशस्त्र सेनाओं की सुरक्षा व्यवस्था के साथ किया गया एक अविवेकपूर्ण प्रयोग था। इस मे बदलाव करना इस बात का प्रमाण हैं कि योजना का मूल ढांचा ही दोषपूर्ण था। सरकार कुछ संशोधन करके अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकती, क्योंकि उसने सेना में भर्ती का सपना देखने वाली पूरी पीढ़ी की उम्मीदों और आकांक्षाओं को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।'
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि देश के युवाओं को स्थायी रोजगार, सम्मान और सुरक्षा चाहिए, न कि उनके भविष्य के साथ बार-बार प्रयोग। उन्होंने कहा कि वर्षों तक सेना भर्ती की तैयारी करने वाले युवा संघर्ष करते रहे और न्याय की मांग करते रहे लेकिन सरकार जिद पर अड़ी रही। अब अग्निवीरों के पहले बैच का कार्यकाल समाप्त होने के करीब है तब किए गए बदलाव उनके भविष्य को लेकर और भी गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
चिब ने कहा कि देश की सेवा के लिए अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष समर्पित करने वाले युवाओं को निश्चितता, सम्मान और नियमित सैनिकों के समान सेवा लाभ मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस इन युवाओं की आवाज को अनसुना नहीं होने देगी। युवा कांग्रेस ने कहा कि सेवा अवधि छह वर्ष करने से स्थायी भर्ती, रोजगार की सुरक्षा, पेंशन संबंधी लाभ और अग्निवीरों के दीर्घकालिक करियर से जुड़ी मूल चिंताएं दूर नहीं होती हैं। संगठन ने सरकार से सभी अग्निवीरों के भविष्य पर स्थिति स्पष्ट करने तथा स्थायी भर्ती और सुरक्षित एवं सम्मानजनक करियर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।