Edited By Parveen Kumar,Updated: 31 Oct, 2026 07:05 PM

भाजपा ने शनिवार को कहा कि विश्व बैंक की एक ताजा रिपोर्ट ने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की प्रतीकात्मक संसद (मॉक पार्लियामेंट) को ''मजाक'' का पात्र बना दिया, और कांग्रेस से पूछा कि वह कब तक ''फसाने'' में फंसी रहेगी तथा राहुल गांधी को खुश करने के लिए...
नेशनल डेस्क : भाजपा ने शनिवार को कहा कि विश्व बैंक की एक ताजा रिपोर्ट ने विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की प्रतीकात्मक संसद (मॉक पार्लियामेंट) को ''मजाक'' का पात्र बना दिया, और कांग्रेस से पूछा कि वह कब तक ''फसाने'' में फंसी रहेगी तथा राहुल गांधी को खुश करने के लिए ''अपने सियासी जनाजे की सजावट करती रहेगी।'' सत्तारूढ़ दल की ओर से विपक्षी कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर यह हमला, 'इंडिया' गठबंधन द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चलाये जाने वाले ''जन महाभियोग'' से ठीक पहले आया। यह कार्यक्रम यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित किया जा रहा है।
विश्व बैंक की रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में अत्यंत गरीबी की दर 2011 के 27.1 प्रतिशत से तेजी से घटकर 2023 में 2.6 प्रतिशत पर आ गई है, जिससे अनुमानित 49.60 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल आए हैं। इस रिपोर्ट का हवाला देते हुए, भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा और कहा, ''विश्व बैंक के आंकड़ों ने एक तरह से उनके 'प्रतीकात्मक संसद' को मजाक का पात्र बना दिया।''
भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ''एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा नीत राजग सरकार गरीबी हटाने में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस अराजकता फैलाने में लगी है।'' त्रिवेदी ने राहुल गांधी के उस बयान को लेकर भी उनपर निशाना साधा जिसमें कहा गया था कि ''भारतीय अर्थव्यवस्था बर्बाद हो चुकी है''।
त्रिवेदी ने कहा कि विश्व बैंक की रिपोर्ट से पता चलता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि विपक्ष की ''अंतरात्मा'' मर चुकी है। उन्होंने कहा, ''मैं कांग्रेस और राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि उन्हें बहुत गंभीरता से सोचना चाहिए कि हकीकत क्या है और कल्पना क्या है।'' उन्होंने सवाल किया, '' कब तक आप (कांग्रेस) फसाने में फंसे रहेंगे और अपने बिगड़े दिल शहजादे के मंसूबों और उसके दिल को पुरसुकून करने के लिए अपने सियासी जनाजे की सजावट करते रहेंगे।''