Edited By Parveen Kumar,Updated: 02 Nov, 2026 08:25 PM

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं का ठीकरा निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) पर फोड़ रही है। उन्होंने साथ ही मुख्य विपक्षी दल को आत्ममंथन करने और विवाद पैदा न करने की...
नेशनल डेस्क : केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं का ठीकरा निर्वाचन आयोग द्वारा किए गए मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (एसआईआर) पर फोड़ रही है। उन्होंने साथ ही मुख्य विपक्षी दल को आत्ममंथन करने और विवाद पैदा न करने की सलाह दी। बघेल ने गुजरात के राजकोट में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 1952 से ही मतदाता सूची में नियमित रूप से संशोधन होते रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालिया प्रक्रिया से उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में लाखों ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई, जिनके नामों का या तो दोहराव था या उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
बघेल ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने अपनी संवैधानिक सीमाओं का उल्लंघन किए बिना एसआईआर की प्रक्रिया पूरी की है। उन्होंने विपक्ष को चुनौती दी कि वे पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए जाने का सबूत पेश करें। भाजपा नेता ने कहा, ''अगर विपक्ष यह आरोप लगाता है कि मतदाताओं को उनके वोट देने के अधिकार से वंचित किया गया है, तो उसे हलफनामों के साथ सबूत पेश करने चाहिए कि किन पात्र मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं।''
बघेल ने कहा कि विपक्षी पार्टी तमिलनाडु में 59 साल, पश्चिम बंगाल में 49 साल, उत्तर प्रदेश में 37 साल, बिहार में 36 साल, त्रिपुरा में 33 साल, गुजरात में 30 साल और ओडिशा में 26 साल से सत्ता से बाहर है। मंत्री ने कहा, ''इन राज्यों में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति का कारण एसआईआर प्रक्रिया नहीं है; बल्कि बात यह है कि लोगों ने अपने चुनावी जनादेश के जरिए इस पार्टी को नहीं चुना है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी स्थिति को लेकर आत्ममंथन करने की बजाय भ्रम पैदा करके अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।