Edited By Rohini Oberoi,Updated: 15 Feb, 2026 02:51 PM

अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन की मौत के सालों बाद भी उसकी फाइलों से निकलने वाले राज दुनिया को झकझोर रहे हैं। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी हालिया दस्तावेजों में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि एपस्टीन केवल एक अपराधी नहीं बल्कि मानव...
इंटरनेशनल डेस्क। अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन की मौत के सालों बाद भी उसकी फाइलों से निकलने वाले राज दुनिया को झकझोर रहे हैं। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी हालिया दस्तावेजों में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि एपस्टीन केवल एक अपराधी नहीं बल्कि मानव तस्करी और फर्जी इमिग्रेशन का मास्टरमाइंड भी था। पुलिस की जांच में उसके ठिकाने से करीब 30,000 आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो मिले हैं जो उसके घिनौने साम्राज्य की गवाही दे रहे हैं।
स्टूडेंट वीजा और फर्जी शादियों का जाल
जांच में पता चला है कि एपस्टीन दूसरे देशों की लड़कियों को अमेरिका में कानूनी तौर पर टिकाए रखने के लिए एक खतरनाक खेल खेलता था। वह लड़कियों को अपने चंगुल में फंसाकर उनकी फर्जी शादियां करवाता था और उन्हें स्टूडेंट वीजा दिलवाता था। इसका मुख्य मकसद लड़कियों को अमेरिका में ही रोक कर रखना था ताकि वह और उसके रसूखदार मेहमान जब चाहें उनका शोषण कर सकें।
प्रेमिका को ऐसे दिलवाई अमेरिकी नागरिकता
एपस्टीन फाइल्स के मुताबिक साल 2013 में उसकी प्रेमिका कैरिना शुलियाक को वीजा मिलने में दिक्कत आ रही थी। एपस्टीन ने एक अमेरिकी नागरिक से उसकी शादी करवाई जिससे उसे ग्रीन कार्ड मिल गया। 2018 में नागरिकता मिलते ही उसने तलाक ले लिया। यही नहीं एपस्टीन ने कोलंबिया यूनिवर्सिटी के डेंटल स्कूल में उसका एडमिशन कराया और इमिग्रेशन से जुड़ी बाधाओं को दूर करने के लिए अपने ऊंचे रसूख का इस्तेमाल किया।
व्हाइट हाउस के पूर्व वकील का नाम आया सामने
इस मामले में सबसे गंभीर खुलासा यह है कि एपस्टीन को इस खेल में ग्रेग क्रेग नामक वकील की मदद मिली। ग्रेग क्रेग ओबामा प्रशासन में व्हाइट हाउस के वकील रह चुके थे। एपस्टीन ने इस रसूख का इस्तेमाल कर न केवल अपनी प्रेमिका बल्कि कई विदेशी लड़कियों को अमेरिका बुलाया।
लड़कियों को अमेरिका बुलाकर उन्हें ब्लैकमेल किया जाता था। इन लड़कियों को हाई-प्रोफाइल पार्टियों में मेहमानों का मनोरंजन करने के लिए मजबूर किया जाता था। कई लड़कियां इस दलदल में ऐसी फंसीं कि वे कभी अपने घर वापस नहीं लौट सकीं और गुमनाम जिंदगी जीने को मजबूर हैं।
क्या कहती है जांच रिपोर्ट?
जांच अधिकारियों के अनुसार एपस्टीन का यह जाल बेहद व्यवस्थित था। वह इमिग्रेशन डिपार्टमेंट के अधिकारियों और बड़े वकीलों के जरिए कानून की कमियों का फायदा उठाता था। बरामद हुई 30 हजार तस्वीरों ने अब कई और बड़े चेहरों की नींद उड़ा दी है।