Edited By Mehak,Updated: 28 Nov, 2025 01:46 PM

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि उनकी नीति के तहत सभी ‘थर्ड वर्ल्ड देशों’ के लोगों का अमेरिका में माइग्रेशन स्थायी रूप से रोका जाएगा। इसका उद्देश्य अवैध प्रवासियों को हटाना और अमेरिकी समाज एवं अर्थव्यवस्था की सुरक्षा करना है।...
नेशनल डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि उनकी अगली प्रशासनिक नीति के तहत सभी 'Third World Countries' के लोगों का अमेरिका में माइग्रेशन स्थायी रूप से रोक दिया जाएगा। उन्होंने यह कदम अमेरिकी समाज और अर्थव्यवस्था की सुरक्षा और बाइडेन प्रशासन में अवैध रूप से आए प्रवासियों को हटाने के उद्देश्य से उठाने की बात कही।
ट्रंप का बयान और उद्देश्य
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट किया कि यह कदम गैर-नागरिकों को मिलने वाले संघीय लाभ और सब्सिडी को खत्म करने, ऐसे प्रवासियों की नागरिकता रद्द करने और जो विदेशी नागरिक देश पर बोझ या सुरक्षा खतरा हैं, उन्हें अमेरिका से निर्वासित करने के लिए उठाया जा रहा है।
ट्रंप ने यह घोषणा व्हाइट हाउस में हुई हालिया गोलीबारी के संदर्भ में की। इस घटना में नेशनल गार्ड के दो सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जांच में पाया गया कि यह हमला एक अफगान नागरिक ने किया था, जो बाइडेन प्रशासन के दौरान अपने परिवार के साथ अमेरिका आया था।
थर्ड वर्ल्ड देशों का अर्थ
'थर्ड वर्ल्ड देश' शब्द का प्रयोग मूल रूप से शीत युद्ध के दौरान उन देशों के लिए किया जाता था, जो न तो अमेरिका के साथ और न ही सोवियत संघ के साथ थे। उस समय अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को फर्स्ट वर्ल्ड और सोवियत समर्थक देशों को सेकंड वर्ल्ड कहा जाता था। भारत उस समय गुटनिरपेक्ष होने के कारण थर्ड वर्ल्ड देशों में शामिल था।
1991 में सोवियत संघ के टूटने के बाद, इस शब्द का राजनीतिक महत्व समाप्त हो गया। आज इसका सामान्य उपयोग उन देशों के लिए किया जाता है जो आर्थिक रूप से पिछड़े या विकासशील हैं, जिनमें गरीबी, राजनीतिक अस्थिरता और उच्च मृत्यु दर अधिक होती है।
क्या थर्ड वर्ल्ड देशों की कोई आधिकारिक सूची है?
'थर्ड वर्ल्ड' देशों की कोई आधिकारिक सूची नहीं है। हालांकि संयुक्त राष्ट्र (UN) ऐसे देशों को Least Developed Countries (LDCs) के रूप में वर्गीकृत करता है। यह सूची तीन मानकों पर आधारित होती है:
- प्रति व्यक्ति आय (Per Capita Income)
- मानव संपदा सूचकांक (Human Assets Index)
- आर्थिक और पर्यावरणीय संवेदनशीलता
वर्तमान में कुल 44 देश LDCs की सूची में शामिल हैं, जिनमें अफगानिस्तान भी शामिल है। किसी देश को इस सूची से बाहर आने के लिए उपरोक्त मापदंडों में से कम से कम दो में सुधार दिखाना जरूरी होता है।
क्या भारत इस सूची में है?
शीत युद्ध के समय भारत को गुटनिरपेक्ष होने के कारण थर्ड वर्ल्ड देशों में शामिल किया जा सकता था। आधुनिक आर्थिक दृष्टिकोण से भारत को विकासशील देश माना जाता है, लेकिन यह LDC सूची में शामिल नहीं है। इसलिए ट्रंप के बयान के अनुसार यह स्पष्ट नहीं कि भारत के लोगों पर अमेरिका में माइग्रेशन रोक नीति लागू होगी या नहीं।