Edited By Parveen Kumar,Updated: 18 May, 2026 12:59 AM

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रपं का पाकिस्तान के प्रति गर्मजोशी भरा रवैया भारत के लिए एक कूटनीतिक झटका है। रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में डॉ. पॉल मिलर की किताब का हवाला दिया, जिसमें...
नेशनल डेस्क : कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रपं का पाकिस्तान के प्रति गर्मजोशी भरा रवैया भारत के लिए एक कूटनीतिक झटका है। रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में डॉ. पॉल मिलर की किताब का हवाला दिया, जिसमें 2001 से 2021 तक अफगानिस्तान में अमेरिका के सैन्य अभियान का तथ्यात्मक इतिहास दर्ज किया गया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि मिलर ने अफगानिस्तान में अमेरिका के इतनी अपमानजनक हार झेलने के कई कारण बताए हैं, जिनमें पाकिस्तान का दोहरा रवैया भी शामिल है। उन्होंने कहा, ''वह (मिलर) विस्तारपूर्वक बताते हैं कि कैसे राष्ट्रपति बुश, ओबामा, ट्रंप-(प्रथम कार्यकाल) और बाइडन के मन में पाकिस्तान के प्रति गहरे संदेह और अविश्वास के भाव पनपने लगे।''
रमेश ने कहा, ''इससे 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद राष्ट्रपति ट्रंप (द्वितीय कार्यकाल) की ओर से पाकिस्तान के प्रति दिखाया गया गर्मजोशी भरा रवैया और भी अधिक आश्चर्यजनक हो जाता है।'' कांग्रेस नेता ने कहा, ''यह भारत के लिए एक और भी बड़ा कूटनीतिक झटका है, क्योंकि प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी उन शुरुआती नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के दूसरे शपथ ग्रहण के ठीक एक महीने बाद, फरवरी 2025 के मध्य में व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास और कार्यालय) का दौरा किया था।''