Edited By Anu Malhotra,Updated: 19 Mar, 2026 01:14 PM

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यह कहानी एक ऐसे पति की है जिसने अपनी पत्नी की विदाई किसी और के साथ सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसे अपनी ही तस्वीर पर मौत का सामान लिखा हुआ मिल गया था।...
नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यह कहानी एक ऐसे पति की है जिसने अपनी पत्नी की विदाई किसी और के साथ सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि उसे अपनी ही तस्वीर पर मौत का सामान लिखा हुआ मिल गया था। बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र के दौलतगढ़ गांव में रहने वाले राजकुमार के लिए उसकी शादीशुदा जिंदगी उस वक्त एक खौफनाक बुरे सपने में बदल गई जब उसने अपनी पत्नी का मोबाइल फोन चेक किया।
मोबाइल के स्क्रीनशॉट में छिपा था कत्ल का इशारा
राजकुमार और उसकी पत्नी के बीच पिछले काफी समय से अनबन चल रही थी। विवाद इतना बढ़ चुका था कि मामला सुलझाने के लिए पुलिस के मीडिएशन सेल (मध्यस्थता केंद्र) तक पहुँच गया। लेकिन असली धमाका तब हुआ जब राजकुमार ने अधिकारियों के सामने अपनी पत्नी के मोबाइल से मिले सबूत पेश किए। राजकुमार ने बताया कि फोन में उसकी पत्नी की उसके प्रेमी के साथ न केवल बेहद आपत्तिजनक तस्वीरें थीं, बल्कि एक ऐसी तस्वीर भी थी जिसने उसे हिलाकर रख दिया। उस तस्वीर में राजकुमार की खुद की फोटो थी और उसके नीचे कैप्शन में लिखा था— "नीला ड्रम और सीमेंट"।
अपराध की दुनिया का वो खौफनाक ट्रेंड
'नीला ड्रम और सीमेंट' का यह जिक्र महज कोई शब्द नहीं बल्कि हत्या की एक सोची-समझी साजिश की ओर इशारा था। दरअसल, हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी कई डरावनी खबरें आई हैं जहाँ कातिलों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे नीले प्लास्टिक के ड्रम में डालकर ऊपर से सीमेंट भर दिया ताकि लाश कभी मिल न सके। अपनी ही फोटो पर मौत के इस 'फॉर्मूले' को लिखा देख राजकुमार बुरी तरह डर गया। उसे यकीन हो गया कि उसकी पत्नी और उसका प्रेमी मिलकर उसे मौत के घाट उतारने वाले हैं और उसके शव को इसी तरीके से गायब करने की योजना बना रहे हैं।
जान बचाने के लिए पत्नी को प्रेमी को सौंपा
मीडिएशन सेल में जब सुलह की कोशिशें हो रही थीं, तब पत्नी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी। आमतौर पर ऐसे मामलों में पति विरोध करते हैं, लेकिन राजकुमार ने बिना एक पल गंवाए पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की इजाजत दे दी। राजकुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह अपनी जान जोखिम में नहीं डालना चाहता और उस खौफनाक कैप्शन को देखने के बाद वह एक पल भी अपनी पत्नी के साथ नहीं रह सकता।
वहां मौजूद अधिकारी और लोग राजकुमार का फैसला सुनकर दंग रह गए। राजकुमार ने अपनी सलामती इसी में समझी कि वह अपनी पत्नी को उसके रास्ते जाने दे, ताकि वह उस 'नीले ड्रम' वाली साजिश का शिकार होने से बच सके। आखिर में पति ने खुद अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया, जो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।