Edited By Shubham Anand,Updated: 21 Oct, 2025 08:58 PM

कौशांबी के एक गांव में 19 वर्षीय युवती का उसके ही चचेरे भाई ने महीनों तक दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। बदनामी के डर से परिवार ने सच्चाई छिपाई। 16 अक्टूबर को प्रसव होने के बाद, युवती की मां और मामा ने मिलकर नवजात बच्चे का गला घोंटकर निर्मम...
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव से रिश्तों को तार-तार करने वाली बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां 19 वर्षीय एक युवती को उसके ही चचेरे भाई ने महीनों तक दुष्कर्म का शिकार बनाया। गर्भवती होने पर परिवार ने लोक लाज के डर से सच्चाई छिपाने की कोशिश की, लेकिन प्रसव के बाद नवजात बच्चे की निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है, लेकिन तीनों फरार हैं।
पेट की सूजन को बताया ट्यूमर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, चचेरे भाई ने युवती के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म किया, जिसके परिणामस्वरूप वह गर्भवती हो गई। सच्चाई छिपाने के लिए परिवार ने युवती के माता-पिता ने पेट की सूजन को ट्यूमर बता दिया और डॉक्टर के पास ले जाने से भी परहेज किया। इस तरह परिवार ने गांव वालों की नजरों से मामला छिपाने की हर संभव कोशिश की।
यह काला सच तब सामने आया जब 16 अक्टूबर को युवती का घर में ही अचानक प्रसव हो गया और एक नवजात ने जन्म ले लिया। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। युवती के एक भाई को जब इसकी भनक लगी, तो उसने तुरंत सरायअकिल थाने पहुंचकर चचेरे भाई के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
तालाब में मिला नवजात का शव
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव के तालाब में एक नवजात का शव तैर रहा है। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि नवजात का गला घोंटकर हत्या की गई थी। आगे की पूछताछ में पता चला कि युवती की मां और उसके मामा ने मिलकर इस निर्दयी कांड को अंजाम दिया। इज्जत बचाने के नाम पर उन्होंने नवजात की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया।
सभी आरोपी फरार
पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी चचेरे भाई, युवती की मां और मामा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद तीनों आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गए। सरायअकिल थाना पुलिस की टीमें गांव-गांव छानबीन कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। एसपी कौशांबी ने मामले को गंभीर बताते हुए सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव में सनसनी, परिवार स्तब्ध
इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है। रिश्तों के इस काले अध्याय ने समाज को झकझोर दिया है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की गहन जांच जारी रखने का वादा किया है। ऐसे मामलों में समय पर शिकायत और जागरूकता की जरूरत पर जोर दिया जा रहा है।