Edited By Vatika,Updated: 27 Feb, 2026 08:48 AM

ऑनलाइन गेमिंग के मायाजाल में फंसकर लोग अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं।
लुधियाना(राज): ऑनलाइन गेमिंग के मायाजाल में फंसकर लोग अपनी मेहनत की गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं। ऐसी ही ठगी का एक नया मामला सामने आया है जहाँ एक शातिर दिमाग ठग ने युवक को अपने विश्वास के जाल में फंसाकर लाखों रुपयों का चूना लगा दिया।
आरोपी ने ऑनलाइन गेमिंग को हथियार बनाकर पीड़ित के बैंक खाते से 3 लाख रुपये साफ कर दिए। थाना डिविजन नंबर 3 की पुलिस ने इस मामले में सौरव सूद की शिकायत पर आरोपी मनी भंडारी के खिलाफ केस दर्ज लिया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, गौरव सूद ने पुलिस के पास न्याय की गुहार लगाते हुए दरख्वास्त दी थी। जांच के बाद सामने आया कि आरोपी मनी भंडारी ने बड़ी ही चतुराई से गौरव सूद को अपने भरोसे में लिया और उसे ऑनलाइन गेमिंग के फायदे बताकर 3 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
आरोपी ने इस पूरी वारदात को बड़े ही शातिराना और गैर-कानूनी ढंग से अंजाम दिया। पीड़ित को जब अहसास हुआ कि उसके साथ बड़ा धोखा हुआ है और उसकी रकम हड़प ली गई है, तब उसने कानून का दरवाजा खटखटाया। पुलिस विभाग ने गहनता से पड़ताल की, जिसमें ठगी के आरोप सही पाए गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या आरोपी ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर अन्य लोगों को भी अपनी ठगी का शिकार बनाया है।