Edited By Shubham Anand,Updated: 14 Dec, 2025 04:26 PM
डॉ. राजीव राज चौधरी ने बताया कि ठंडे पानी से नहाना हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं है। जोड़ों में दर्द, आर्थराइटिस या हृदय संबंधी समस्याओं वाले लोग ठंडे पानी से नहाने से बचें। इसके बजाय गुनगुने पानी से नहाना फायदेमंद है। यह मसल्स और जोड़ों को राहत देता...
नेशनल डेस्क : बड़े-बुजुर्ग अक्सर कहते हैं कि ठंडा पानी सेहत के लिए फायदेमंद होता है और कई बीमारियों से बचाता है। कुछ लोग मौसम बदलने पर भी ठंडे पानी से नहाने की अपनी आदत नहीं बदलते। लेकिन, ठंडे पानी से नहाना हर किसी के लिए सुरक्षित नहीं है। इस विषय पर डॉ. राजीव राज चौधरी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किन लोगों को ठंडे पानी से नहाने से बचना चाहिए और इससे सेहत को कौन-कौन से नुकसान हो सकते हैं।
ठंडे पानी से नहाने के नुकसान
डॉ. राजीव राज चौधरी के अनुसार, ठंडे पानी से नहाना संभव है, लेकिन कुछ स्वास्थ्य समस्याओं वाले लोगों को इससे परहेज करना चाहिए। जोड़ों में दर्द या आर्थराइटिस (Arthritis) जैसी समस्या होने पर ठंडे पानी से नहाना हानिकारक हो सकता है। इसके अलावा, ठंडे पानी से नहाने पर दिल पर अचानक शॉक पड़ सकता है। इसलिए हृदय रोग से पीड़ित लोगों को ठंडे पानी से नहाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
जोड़ों की दिक्कत में किस पानी से नहाना चाहिए
डॉ. राजीव राज चौधरी की सलाह है कि बड़े-बुजुर्ग और जिनके जोड़ों में दर्द होता है, उन्हें ठंडे पानी के बजाय गुनगुने पानी से नहाना चाहिए। गुनगुना पानी जोड़ों के फ्लुइड्स को अचानक जमने से बचाता है और जोड़ों की मूवमेंट को सुचारू बनाए रखता है।
गुनगुने पानी से नहाने के फायदे
मसल्स और जोड़ों को राहत – हल्के गर्म या गुनगुने पानी से नहाने पर जोड़ों की अकड़न कम होती है और मसल्स को राहत मिलती है।
ब्लड सर्कुलेशन बेहतर – गुनगुने पानी से नहाने पर शरीर में रक्त प्रवाह बेहतर होता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन में सुधार आता है।
त्वचा ड्राई नहीं होती – ज्यादा गर्म पानी से स्किन ड्राई हो जाती है और ठंडा पानी पोर्स को पूरी तरह साफ नहीं कर पाता। गुनगुने पानी की भाप से त्वचा के पोर्स साफ होते हैं और त्वचा से तेल, बैक्टीरिया और गंदगी बाहर निकलती है।
तनाव कम होता है – गुनगुने पानी से नहाने पर शरीर को आराम मिलता है और व्यक्ति रिलैक्स महसूस करता है, जिससे मानसिक तनाव कम होता है।
नींद अच्छी आती है – शाम के समय हल्के गर्म पानी से नहाने पर शरीर की थकान दूर होती है और नींद बेहतर आती है।
ज्यादा गर्म पानी से भी होता है नुकसान
कुछ लोग जरूरत से ज्यादा गर्म पानी से नहाने के आदी होते हैं, जो शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है।
गर्म पानी से स्किन ड्राई हो जाती है और त्वचा रूखी और कटी-फटी नजर आने लगती है।
जिन लोगों को एग्जिमा जैसी स्किन संबंधी समस्याएं हैं, उनके लिए ज्यादा गर्म पानी से नहाना नुकसानदेह हो सकता है।
बालों को भी ज्यादा गर्म पानी से नुकसान होता है, स्कैल्प से नेचुरल ऑयल्स निकल जाते हैं और बाल फ्रिजी और ड्राई हो सकते हैं।
गर्म पानी से सिर धोने पर डैंड्रफ (रूसी) हो सकती है।
ब्लड प्रेशर में बदलाव – गर्म पानी से रक्त वाहिनियां फैलती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर कम हो सकता है और व्यक्ति को चक्कर आने जैसी समस्या हो सकती है।
हृदय रोग वाले लोगों को ज्यादा गर्म पानी से नहाने की सलाह नहीं दी जाती क्योंकि इससे दिल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।