‘चंद ढोंगी बाबाओं के जाल में फंस कर’ बर्बाद हो रही महिलाएं!

Edited By Updated: 03 Oct, 2026 03:41 AM

women are getting ruined by getting trapped in the trap of a few fake babas

संत और महात्मा देश एवं समाज को मार्गदर्शन देते हैं, परंतु कुछ तथाकथित ‘बाबे’ लोगों की अज्ञानता का अनुचित लाभ उठा कर इसके विपरीत आचरण करके असली संत-महात्माओं को बदनाम कर रहे हैं जिनकी इसी वर्ष के पिछले 6 महीनों में सामने आई चंद घटनाएं निम्न में दर्ज...

संत और महात्मा देश एवं समाज को मार्गदर्शन देते हैं, परंतु कुछ तथाकथित ‘बाबे’ लोगों की अज्ञानता का अनुचित लाभ उठा कर इसके विपरीत आचरण करके असली संत-महात्माओं को बदनाम कर रहे हैं जिनकी इसी वर्ष के पिछले 6 महीनों में सामने आई चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 18 मार्च को ‘नवी मुम्बई’ (महाराष्ट्र) के ‘खारघर’ में एक 11 वर्षीय बच्चे को मोटरसाइकिल पर घुमाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ कुकर्म करने के आरोप में एक बाबे को ‘खारघर’ पुलिस ने पोक्सो एक्ट के अंतर्गत गिरफ्तार किया।
* 4 मई को ‘मथुरा’ (उत्तर प्रदेश) में ‘लक्ष्मीकांत’ नामक ढोंगी बाबे ने एक 10 वर्षीय बच्ची से बलात्कार कर डाला। बच्ची की चीखें सुन कर वहां भीड़ जमा हो गई और बाबे की जमकर पिटाई करने तथा जूते-चप्पलों की माला पहना कर इलाके में घुमाने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। 

* 7 मई को दिल्ली हाईकोर्ट की जस्टिस ‘स्वर्ण कांता शर्मा’ ने ‘भूत’ व ‘ऊपरी हवा’ का साया हटाने के नाम पर नाबालिग बच्ची से बार-बार बलात्कार करने के आरोपी एक ‘बाबे’ की जमानत याचिका खारिज कर दी। 
‘बाबे’ ने नाबालिगा से कहा था कि उसके शरीर के ‘भूत’ को अश्लील कृत्य से ही निकाला जा सकता है। इसके बाद उसने बार-बार लड़की का यौन शोषण किया और धमकी दी कि किसी को इस बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। 
* 2 जून को ‘मथुरा’ (उत्तर प्रदेश) के ‘गोवर्धन थाना’ क्षेत्र में ओडिशा के रहने वाले ढोंगी बाबा ‘अभिषेक मिश्रा’ उर्फ ‘आदि कत्र्ता’ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस रिकार्ड के अनुसार मैकेनिकल इंजीनियर रह चुका यह आरोपी ऑनलाइन भजन मंडलियों के जरिए युवतियों का ‘ब्रेनवाश’ करके उन्हें नशीला पदार्थ देकर उनका यौन शोषण करता था। 

* 18 जून को ‘पुणे’ (महाराष्टï्र) में स्वयं को ईश्वरीय शक्तियों से सम्पन्न बताने वाले ढोंगी बाबा ‘राधा मोहन’ को एक महिला को 15 वर्षों तक बंधक बनाकर उसका यौन शोषण और मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने उसे एक बंगले पर छापा मारकर गिरफ्तार किया। 
* 31 जुलाई को ‘मथुरा’ (उत्तर प्रदेश) के ‘गोवर्धन’ में किराएदार की 11 वर्षीय बेटी से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने ‘पश्चिम बंगाल’ के रहने वाले साधु वेषधारी ढोंगी बाबा ‘भजो हरिदास’ को गिरफ्तार किया। पुलिस को उसके मोबाइल में आपत्तिजनक वीडियो भी मिले।
* 9 अगस्त को ‘दरभंगा’ (बिहार) की पुलिस ने एक बाबे को एक नाबालिग छात्रा से बलात्कार करने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मैडीकल साक्ष्यों में आरोप सही पाए गए। 
* 20 अगस्त को ‘फतेहपुर’ (उत्तर प्रदेश) के ‘ललौली’ में एक बाबे ने 15 वर्षीय नाबालिग को शादी का झांसा देकर 1 वर्ष तक उसका यौन शोषण करने और उसे भगाकर ले जाने की कोशिश करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा।
* 12 सितम्बर को ‘इटावा’ (उत्तर प्रदेश) के ‘बलरई’ में एक 9 वर्षीय मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी साधु वेषधारी ‘अजब सिंह’ को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। 
* और अब 20 सितम्बर को ‘वाझापाडी’ (तमिलनाडु) में पुलिस ने एक ढोंगी ‘बाबा’ को नाबालिग से छेडख़ानी और तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाओं के अश्लील वीडियो भी बनाता था।हालांकि अधिकांश संत और बाबे आदि ऐसे नहीं हैं, परंतु निश्चय ही ऐसी घटनाएं संत समाज की बदनामी का कारण बन रही हैं। अत: इस मामले में लोगों, विशेषकर महिलाओं को सावधानी बरतने की आवश्यकता है ताकि वे और उनके परिवार तबाह होने से बच सकें।                 —विजय कुमार

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!