रिलायंस, आईटी शेयरों में बिकवाली से सेंसेक्स 353 अंक टूटा

Edited By Updated: 28 Oct, 2026 05:30 PM

bse drops 353 points amid sell off in reliance and it shares

घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को गिरावट आई और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 353 अंक टूट गया, जबकि एन.एस.ई. निफ्टी 51 अंक के नुकसान में रहा। कच्चे तेल के दाम में तेजी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत ब्याज दर पर फैसले से पहले सतर्क रुख

मुंबईः घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को गिरावट आई और मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 353 अंक टूट गया, जबकि एन.एस.ई. निफ्टी 51 अंक के नुकसान में रहा। कच्चे तेल के दाम में तेजी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत ब्याज दर पर फैसले से पहले सतर्क रुख के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज और आई.टी. कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया। 

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 352.64 अंक यानी 0.48 प्रतिशत टूटकर 73,246.03 अंक पर बंद हुआ। हालांकि, कारोबार के दौरान इसमें भारी गिरावट आई थी जिसकी काफी हद तक भरपाई हो गई। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 995.1 अंक लुढ़क गया था। एनएसई निफ्टी भी 50.90 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,698.85 अंक पर बंद हुआ। 

रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर कारोबार के पहले 1,119 रुपए के निर्गम मूल्य के मुकाबले करीब 27 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3.46 प्रतिशत, इन्फोसिस 3.34 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.83 प्रतिशत, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 1.68 प्रतिशत, भारती एयरटेल 1.42 प्रतिशत और टाटा स्टील 1.37 प्रतिशत नुकसान में रहे। 

दूसरी तरफ, इंजीनियरिंग क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो के शेयर में करीब चार प्रतिशत की तेजी रही। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 32.5 प्रतिशत बढ़कर 5,202.10 करोड़ रुपए रहा है। इसके अलावा, ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, एक्सिस बैंक और इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में भी तेजी रही। 

रुपया 21 पैसे टूटा

कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच रुपया बुधवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 21 पैसे टूटकर 95.28 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि डॉलर में मजबूती और ऊंचे अमेरिकी बॉण्ड प्रतिफल के कारण रुपए पर दबाव बने रहने की आशंका है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.01 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह टूटकर 95.29 प्रति डॉलर के दिन के निचले स्तर तक आ गया। रुपया अंत में 95.28 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 21 पैसे की गिरावट है। रुपया मंगलवार को आठ पैसे मजबूत होकर 95.07 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!