Edited By jyoti choudhary,Updated: 26 Oct, 2026 05:23 PM

घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी सोमवार को हरे निशान पर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 482.92 अंक बढ़त के साथ 73,606.75 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 153.20 अंक मजबूती के साथ 22,753.20 अंक बंद हुआ।
मुंबईः आकर्षक कीमतों पर खरीदारी तथा धातु, दूरसंचार और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में तेजी के चलते सोमवार को मानक सूचकांक सेंसेक्स करीब 483 अंक चढ़ गया। वहीं निफ्टी 22,750 अंक के ऊपर बंद हुआ। इसके साथ ही बाजार में लगातार चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया।
शुरुआती नुकसान से उबरते हुए 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 482.92 अंक या 0.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,606.75 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 73,606.75 का उच्च स्तर और 72,514.57 का निचला स्तर छुआ। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 153.20 अंक या 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 22,753.20 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में अडानी पोर्ट्स, इटर्नल, कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंट, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, इंटरग्लोब एविएशन और आईटीसी में उल्लेखनीय बढ़त हुई। दूसरी ओर बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, मारुति, एचसीएल टेक और पावर ग्रिड नुकसान में रहने वाले शेयरों में शामिल थे।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ''भारतीय शेयर बाजार को शुरुआती नुकसान से उबरने में मूल्य आधारित खरीदारी और धातु, ऊर्जा तथा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रों की मजबूती का समर्थन मिला। हालांकि, कच्चे तेल के ऊंचे दाम, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और प्रमुख केंद्रीय बैंकों के नीतिगत फैसलों के इंतजार ने बाजार की धारणा को नपा-तुला रखा।'' उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह की तेज गिरावट के बाद मझोली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी कुछ सुधार देखने को मिला।