Edited By jyoti choudhary,Updated: 28 Apr, 2026 10:17 AM

तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों की निकासी से निवेशकों में घबराहट से सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 208.84 अंक टूटकर 77,094.79 अंक पर और एनएसई निफ्टी 42.8 अंक फिसलकर...
मुंबईः तेल की बढ़ती कीमतों और विदेशी निवेशकों की निकासी से निवेशकों में घबराहट से सेंसेक्स और निफ्टी में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 208.84 अंक टूटकर 77,094.79 अंक पर और एनएसई निफ्टी 42.8 अंक फिसलकर 24,049.90 अंक पर पहुंच गया। हालांकि बाद में इनमें उतार-चढ़ाव बना रहा।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, इटर्नल, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट और एक्सिस बैंक के शेयर सबसे अधिक नुकसान में रहे। टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में तेजी रही। एशियाई बाजारों में जापान का निक्की, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहा। अमेरिकी बाजार सोमवार को सपाट बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.99 प्रतिशत चढ़कर 109.30 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,151.48 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। सेंसेक्स सोमवार को 0.83 प्रतिशत और निफ्टी 0.81 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ था।