Edited By jyoti choudhary,Updated: 09 Jul, 2026 02:43 PM

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ी चिंता और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर वैश्विक बाजारों पर साफ दिखाई दे रहा है। इस बीच सोना-चांदी की कीमतों में भी तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। लगातार गिरावट के बाद गुरुवार को...
बिजनेस डेस्कः अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ी चिंता और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर वैश्विक बाजारों पर साफ दिखाई दे रहा है। इस बीच सोना-चांदी की कीमतों में भी तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। लगातार गिरावट के बाद गुरुवार को अचानक गोल्ड-सिल्वर में उछाल दर्ज किया गया।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान को लेकर सख्त बयान के बाद युद्धविराम की उम्मीदों पर असर पड़ा और वैश्विक बाजारों में दबाव बढ़ गया। शेयर बाजारों में भारी गिरावट के साथ सोने और चांदी की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली थी। हालांकि, गुरुवार को दोनों धातुओं ने तेजी से रिकवरी की।
चांदी में पहले गिरावट, फिर जोरदार उछाल
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर 4 सितंबर एक्सपायरी वाली चांदी बुधवार को 2,23,437 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। गुरुवार को कारोबार शुरू होते ही इसमें गिरावट आई और कीमत 2,21,502 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई। यानी शुरुआती कारोबार में चांदी करीब 1,935 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई।
हालांकि, कुछ ही समय बाद चांदी ने तेजी से वापसी की और कीमतें फिर बढ़कर 2.25 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर के करीब पहुंच गईं।
सोने की कीमतों में भी दिखा बड़ा बदलाव
सोने के वायदा भाव में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। MCX पर 5 अगस्त एक्सपायरी वाला सोना बुधवार को 1,41,711 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में यह गिरकर 1,43,100 रुपए के आसपास पहुंचा लेकिन बाद में तेजी पकड़ते हुए 1,44,356 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर तक पहुंच गया।