UBS Global Wealth Report: भारत ने चीन को छोड़ा पीछे, एक साल में जुड़े 31 हजार से ज्यादा नए करोड़पति

Edited By Updated: 13 Jul, 2026 02:46 PM

india surpasses china over 31 000 new millionaires added in a year

स्विट्जरलैंड के प्रमुख बैंक UBS की Global Wealth Report 2026 के अनुसार, भारत ने 2025 में नए डॉलर करोड़पति बनाने के मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल भारत में 31,033 नए अमेरिकी डॉलर करोड़पति जुड़े, जबकि चीन में यह...

बिजनेस डेस्कः स्विट्जरलैंड के प्रमुख बैंक UBS की Global Wealth Report 2026 के अनुसार, भारत ने 2025 में नए डॉलर करोड़पति बनाने के मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल भारत में 31,033 नए अमेरिकी डॉलर करोड़पति जुड़े, जबकि चीन में यह संख्या 14,079 रही यानी भारत में नए करोड़पतियों की संख्या चीन के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा रही।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत में डॉलर करोड़पतियों की संख्या में सालाना 3.4 फीसदी की वृद्धि हुई, जबकि चीन में यह बढ़ोतरी केवल 0.3 फीसदी रही।

हालांकि कुल करोड़पतियों की संख्या के मामले में चीन अभी भी भारत से काफी आगे है। चीन में करीब 53 लाख डॉलर करोड़पति हैं, जबकि भारत में यह संख्या लगभग 9.44 लाख है। इसके बावजूद संपत्ति बढ़ने की रफ्तार में भारत ने मजबूत प्रदर्शन किया है।

2020 के बाद भारतीयों की औसत संपत्ति में 20% बढ़ोतरी

UBS की रिपोर्ट के मुताबिक, 2020 के बाद भारत में औसत संपत्ति में करीब 20 फीसदी का उछाल आया है। आर्थिक विकास, शेयर बाजार में बढ़ती भागीदारी और संपत्ति के नए स्रोतों ने भारतीयों की कुल संपत्ति बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

2025 में सबसे ज्यादा नए करोड़पति बनाने वाले देश

देश    नए डॉलर करोड़पति

  • अमेरिका    4,41,078
  • ब्रिटेन     43,139
  • फ्रांस     34,604
  • स्पेन    32,707
  • जापान    31,428
  • भारत      31,033
  • चीन    14,079

भारतीयों की संपत्ति में जमीन और सोने का दबदबा

रिपोर्ट के अनुसार, भारतीयों की संपत्ति का बड़ा हिस्सा अभी भी रियल एस्टेट और सोने में निवेश किया जाता है। भारतीय परिवारों की कुल संपत्ति में जमीन और सोने की हिस्सेदारी काफी ज्यादा है।

एक घरेलू वित्तीय अध्ययन के मुताबिक, औसत भारतीय परिवार अपनी संपत्ति का लगभग:

  • 77 फीसदी हिस्सा रियल एस्टेट में
  • 11 फीसदी सोने में
  • 7 फीसदी टिकाऊ वस्तुओं में
  • 5 फीसदी शेयर और म्यूचुअल फंड जैसे वित्तीय साधनों में रखता है।

वहीं, वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार भारतीय परिवारों के पास करीब 25,000 टन सोना मौजूद है, जिसका इस्तेमाल निवेश, शादी-ब्याह, आपातकालीन जरूरत और महंगाई से बचाव के लिए किया जाता है।

अमेरिका और जापान में वित्तीय निवेश ज्यादा

जहां भारतीयों का झुकाव जमीन और सोने की ओर अधिक है, वहीं अमेरिका और जापान के अमीर लोग अपनी संपत्ति का बड़ा हिस्सा वित्तीय बाजारों में लगाते हैं।

  • अमेरिका में करीब 78.9 फीसदी संपत्ति शेयर, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय साधनों में निवेशित है।
  • जापान के अमीरों की करीब 68.9 फीसदी संपत्ति वित्तीय संपत्तियों में है।
  • चीन में यह हिस्सा करीब 51.9 फीसदी है।

 
अमीर होने के बाद भी लोग खुद को अमीर नहीं मानते

UBS के मुख्य अर्थशास्त्री पॉल डोनोवन के अनुसार, कई देशों में लोग अपनी संपत्ति की तुलना दूसरों से करते हैं। इसी वजह से पर्याप्त संपत्ति होने के बावजूद कई लोग खुद को अमीर महसूस नहीं कर पाते।

रिपोर्ट बताती है कि भारत में संपत्ति निर्माण की रफ्तार तेज हुई है, लेकिन निवेश की आदतों और आय असमानता जैसे मुद्दे अभी भी महत्वपूर्ण बने हुए हैं।

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!