Edited By jyoti choudhary,Updated: 07 Jul, 2026 10:15 AM

रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 15 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.28 पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने के मद्देनजर सऊदी अरब के अगस्त के लिए एशिया को कच्चे तेल के आधिकारिक बिक्री मूल्य में कटौती
मुंबईः रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में 15 पैसे मजबूत होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.28 पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने के मद्देनजर सऊदी अरब के अगस्त के लिए एशिया को कच्चे तेल के आधिकारिक बिक्री मूल्य में कटौती किए जाने की खबरों से बाजार धारणा बेहतर हुई है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि पश्चिम एशिया से जुड़े जोखिम में कमी और होर्मुज जलडमरूमध्य से अधिक आवाजाही के कारण कच्चे तेल की कीमतों में नरमी है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.33 प्रति डॉलर पर खुला।
बाद में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.28 तक पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव की तुलना में 15 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.43 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.86 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 176 अंक की बढ़त के साथ 78,461.16 अंक पर जबकि निफ्टी 34.1 अंक चढ़कर 24,464.45 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.45 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। हालांकि, यह अब भी अनुकूल स्तर पर बना हुआ है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 243.03 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।