सिग्नेचर ग्लोबल का आरएमजेड के साथ उद्यम, वाणिज्यिक परियोजना में होगा 7,500 करोड़ रुपए का निवेश

Edited By Updated: 14 Feb, 2026 06:18 PM

signature global partners with rmz to invest 7 500 crore in commercial project

जमीन, मकान के विकास से जुड़ी देश की प्रमुख कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड ने गुरुग्राम में एक बड़ी वाणिज्यिक परियोजना विकसित करने के लिए आरएमजेड ग्रुप के साथ एक संयुक्त उद्यम बनाया है। इस परियोजना में कुल मिलाकर लगभग 7,500 करोड़ रुपए का...

नई दिल्लीः जमीन, मकान के विकास से जुड़ी देश की प्रमुख कंपनी सिग्नेचर ग्लोबल (इंडिया) लिमिटेड ने गुरुग्राम में एक बड़ी वाणिज्यिक परियोजना विकसित करने के लिए आरएमजेड ग्रुप के साथ एक संयुक्त उद्यम बनाया है। इस परियोजना में कुल मिलाकर लगभग 7,500 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। गुरुग्राम स्थित सिग्नेचर ग्लोबल और बेंगलुरु की कंपनी आरएमजेड ग्रुप ने गुरुग्राम में सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर 18 एकड़ में व्यावसायिक परियोजना विकसित करने के लिए संयुक्त उद्यम बनाया है। जिसमें दोनों की बराबर हिस्सेदारी है। इस परियोजना में 55 लाख वर्ग फुट का क्षेत्र पट्टे पर देने योग्य होगा। इसमें प्रमुख कार्यालय स्थल के साथ खुदरा बिक्री स्थल और लगभग 500 कमरों वाले दो होटल होंगे। 

सिग्नेचर ग्लोबल ने शनिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि आरएमजेड ने परियोजना में 50 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने के लिए 1,283 करोड़ रुपए के निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इस सौदे के तहत, सिग्नेचर ग्लोबल की अनुषंगी कंपनी गुरुग्राम कॉमर्सिटी लिमिटेड (जीसीएल) और आरएमजेड की इकाई मिलेनिया रियल्टर्स प्राइवेट लि. ने प्रतिभूति अभिदान और खरीद समझौता (एसएसपीए) किया है। इस समझौते के अंतर्गत, आरएमजेड की इकाई शेयर खरीद और शेयर अभिदान के माध्यम से जीसीएल में 50 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करेगी। संयुक्त उद्यम कंपनी के पास 18 एकड़ जमीन है। प्रतिभूति अभिदान एवं खरीद समझौता निवेशक और कंपनी (जारीकर्ता) के बीच नए शेयर या ऋण की खरीद के लिए एक कानूनी रूप से बाध्यकारी अनुबंध है, जिससे कंपनी में प्रत्यक्ष निवेश होता है। 

सिग्नेचर ग्लोबल के चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने कहा, "आरएमजेड समूह के साथ इस संयुक्त उद्यम के जरिये, हम बड़े पैमाने की वाणिज्यिक रियल एस्टेट परियोजना के विकास में दस्तक दे रहे हैं।" उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से आवासीय परियोजनाओं के विकास में काम कर रही कंपनी ने आरएमजेड समूह के साथ एक ऐसा मंच बनाया है, जिसके पास वाणिज्यिक संपत्तियों के विकास की विशेषज्ञता है। परियोजना के विकास में कुल निवेश के बारे में पूछे जाने पर, सिग्नेचर ग्लोबल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रजत कथूरिया ने कहा कि जमीन और निर्माण लागत सहित यह राशि लगभग 7,500 करोड़ रुपए होगी। कंपनी के अनुसार, परियोजना के पूरा होने पर कुल पूंजी मूल्य 14,000-16,000 करोड़ रुपए के बीच होने की उम्मीद है। 

वाणिज्यिक रियल एस्टेट और बुनियादी ढांचा परियोजनओं के विकास से जुड़ी आरएमजेड के कॉरपोरेट चेयरमैन (सुपरवाइजरी बोर्ड) मनोज मेंडा ने कहा कि कंपनी का इरादा देश भर में वाणिज्यिक परियोजनाओं के लिए सिग्नेचर ग्लोबल के साथ अपनी साझेदारी का विस्तार करने का है। उन्होंने कहा, ''भारत में कार्यालय स्थलों की मांग मजबूत बनी हुई है। किराया के स्तर पर मजबूत मांग और बेहतर होते बुनियादी ढांचे के कारण गुरुग्राम का सदर्न पेरिफेरल रोड तेजी से एक पसंदीदा वाणिज्यिक गलियारे के रूप में उभर रहा है।" यह परियोजना दीर्घकालीन पट्टे की क्षमता वाले संस्थागत स्तर की वाणिज्यिक परिसंपत्तियों के विकास पर आरएमजेड के जोर देने के अनुरूप है। उन्होंने कहा, "सिग्नेचर ग्लोबल की क्रियान्वयन क्षमता और दिल्ली-एनसीआर बाजार की गहरी समझ उन्हें एक आदर्श भागीदार बनाती है।"  

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!