Edited By jyoti choudhary,Updated: 20 Apr, 2026 11:18 AM

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच निवेशकों की चिंता से शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती तेजी के बाद अस्थिर रहे। बीएसई सेंसेक्स 236.64 अंक बढ़कर 78,730.18 अंक पर पहुंच गया जबकि एनएसई निफ्टी 66.65 अंक की बढ़त के साथ 24,420.20...
मुंबईः पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच निवेशकों की चिंता से शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती तेजी के बाद अस्थिर रहे। बीएसई सेंसेक्स 236.64 अंक बढ़कर 78,730.18 अंक पर पहुंच गया जबकि एनएसई निफ्टी 66.65 अंक की बढ़त के साथ 24,420.20 अंक पर रहा।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में ट्रेंट, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स, अडानी पोर्ट्स और एक्सिस बैंक प्रमुख लाभ में रहे। आईसीआईसीआई बैंक के शेयर लगभग दो प्रतिशत की तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे, क्योंकि बैंक ने शनिवार को जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजे घोषित किये थे, जिसमें उसका शुद्ध लाभ 9.28 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 14,755 करोड़ रुपये रहा। वहीं एचडीएफसी बैंक, एटरनल, इंटरग्लोब एविएशन और इंफोसिस कंपनियों के शेयर में गिरावट देखी गई।
विश्लेषकों ने कहा कि सप्ताहांत में ऐसे विरोधाभासी संकेत मिले कि होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से बंद कर दिया गया है, जबकि पहले इसे शुक्रवार को अस्थायी रूप से खोला गया था। इस बदलाव से कच्चे तेल की कीमतों में फिर से बढ़ोतरी हुई और आपूर्ति बाधित होने तथा महंगाई की चिंता बढ़ गई। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 5.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 95.41 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक बढ़त में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को काफी बढ़त के साथ बंद हुए थे। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 683.20 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर खरीदे। शुक्रवार को सेंसेक्स 504.86 अंक की बढ़त के साथ 78,493.54 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 156.80 अंक चढ़कर 24,353.55 पर बंद हुआ था।