वाहनों की कुल खुदरा बिक्री जुलाई में 25.89% बढ़कर 25.91 लाख इकाई पर

Edited By Updated: 06 Aug, 2026 06:17 PM

total retail vehicle sales rose 25 89 to 2 59 million units in july

देश में वाहनों की कुल खुदरा बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर 25.89 प्रतिशत बढ़कर 25,91,138 इकाई हो गई। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। फाडा ने कहा कि पिछले साल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में बदलाव

नई दिल्लीः देश में वाहनों की कुल खुदरा बिक्री जुलाई में सालाना आधार पर 25.89 प्रतिशत बढ़कर 25,91,138 इकाई हो गई। वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। फाडा ने कहा कि पिछले साल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में बदलाव के बाद मांग में आई तेजी का सिलसिला जारी है। फाडा ने बयान में कहा कि वाहनों की खुदरा बिक्री जुलाई, 2025 में 20,58,325 इकाई रही थी। यात्री वाहनों (पीवी) की खुदरा बिक्री जुलाई में 19.13 प्रतिशत वृद्धि के साथ 4,16,555 इकाई रही, जो पिछले साल जुलाई में 3,49,674 इकाई थी। 

दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 28.25 प्रतिशत बढ़कर 18,18,289 इकाई हो गई, जबकि जुलाई, 2025 में यह 14,17,767 इकाई थी। फाडा के अनुसार, जुलाई में तिपहिया वाहनों की बिक्री 16.16 प्रतिशत बढ़कर 1,33,778 इकाई रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,15,166 इकाई थी। वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री भी 24.04 प्रतिशत बढ़कर 99,666 इकाई हो गई, जबकि जुलाई, 2025 में यह 80,348 इकाई थी। 

फाडा के उपाध्यक्ष साई गिरिधर ने कहा कि दोपहिया, तिपहिया, वाणिज्यिक वाहन, यात्री वाहन, ट्रैक्टर समेत सभी श्रेणियों में यह पहली बार हुआ जब किसी भी साल के जुलाई माह में सर्वाधिक बिक्री दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि वाहन विक्रेताओं के अनुसार, जीएसटी 2.0 के बाद वाहनों की बेहतर किफायती उपलब्धता, खुदरा वित्तपोषण में आसानी और अनुकूल त्योहारी समय से बिक्री में यह तेजी देखने को मिली है। 

गिरिधर ने कहा कि यात्री वाहन बाजार में वैकल्पिक ईंधन वाहनों की हिस्सेदारी अब पेट्रोल वाहनों के बहुत करीब पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि जुलाई में सीएनजी वाहनों की बिक्री 24.67 प्रतिशत, हाइब्रिड 8.02 प्रतिशत और इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 7.90 प्रतिशत रही। यानी इनकी संयुक्त हिस्सेदारी 40.59 प्रतिशत रही। वहीं पेट्रोल वाहनों की हिस्सेदारी 41.68 प्रतिशत थी। पिछले साल जुलाई में दोनों के बीच 13.21 प्रतिशत अंक का अंतर था। गिरिधर ने कहा कि दोपहिया वाहन खंड में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर रिकॉर्ड 11.24 प्रतिशत हो गई, जो पिछले साल जुलाई में 7.65 प्रतिशत थी। 

हालांकि, अधिक मांग वाले मॉडल की सीमित आपूर्ति के कारण लंबित बुकिंग बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जुलाई में कुल इलेक्ट्रिक वाहन खुदरा बिक्री 3,27,901 इकाई के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई, जबकि दोपहिया और वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर रही, जिससे कुल वाहन बाजार में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 12.7 प्रतिशत हो गई। पिछले साल जुलाई में यह 9.6 प्रतिशत थी। 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!