Edited By Sarita Thapa,Updated: 10 Jun, 2026 07:58 AM

आगामी श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान किए जा रहे सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक प्रबंधों के तहत गांदरबल पुलिस ने ‘पहचान एप’ लॉन्च किया है।
जम्मू/श्रीनगर (अरुण): आगामी श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान किए जा रहे सुरक्षा एवं सुविधा के व्यापक प्रबंधों के तहत गांदरबल पुलिस ने ‘पहचान एप’ लॉन्च किया है। यह सोनमर्ग समेत यात्रा के बालटाल मार्ग पर कार्य करने वाले सेवा प्रदाताओं के पंजीकरण एवं सत्यापन के लिए एक नया क्यू.आर. कोड आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है।
इस पहल में थाजवास ग्लेशियर, जीरो प्वाइंट जोजिला, मेन बाऊल सोनमर्ग, बालटाल रूट, यात्रा ट्रैक एवं आस-पास के अन्य क्षेत्रों में स्थित अहम स्थलों पर श्रद्धालुओं एवं तीर्थयात्रा से जुड़ी अन्य सेवाओं में लगे लोग शामिल हैं। ‘पहचान एप’ के माध्यम से हर पंजीकृत सेवा प्रदाता को एक यूनीक क्यू.आर. आधारित पहचान दी जाती है, जिसे सुरक्षाकर्मी एवं यात्री सहजता से सत्यापित कर सकते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘पहचान एप’ यात्रा के दौरान एक सुरक्षित व जवाबदेह वातावरण तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम है। सेवा प्रदाताओं का सत्यापित डाटाबेस बनाने के पीछे जम्मू-कश्मीर पुलिस का उद्देश्य सुरक्षा के एहतियाती उपायों को मजबूत करते हुए सत्यापन प्रक्रिया को आसान बनाने के अलावा अनधिकृत लोगों द्वारा तीर्थयात्रा तथा पर्यटन के गलत इस्तेमाल को रोकना है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ