Edited By Prachi Sharma,Updated: 14 Mar, 2026 08:49 AM

Bijli Mahadev Mandir : हिमाचल प्रदेश के आराध्य देव और कुल्लू घाटी के अधिष्ठाता भगवान बिजली महादेव के मंदिर के कपाट आज यानी शनिवार, 14 मार्च से श्रद्धालुओं के लिए फिर से खुल रहे हैं। करीब तीन महीने के शीतकालीन अवकाश के बाद अब भक्त अपने आराध्य के...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Bijli Mahadev Mandir : हिमाचल प्रदेश के आराध्य देव और कुल्लू घाटी के अधिष्ठाता भगवान बिजली महादेव के मंदिर के कपाट आज यानी शनिवार, 14 मार्च से श्रद्धालुओं के लिए फिर से खुल रहे हैं। करीब तीन महीने के शीतकालीन अवकाश के बाद अब भक्त अपने आराध्य के दर्शन कर सकेंगे।
देव परंपरा के अनुसार खुलेंगे कपाट
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, चैत्र माह की संक्रांति के इस शुभ अवसर पर मंदिर के कपाट पारंपरिक विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ खोले जाएंगे। ज्ञात हो कि भारी बर्फबारी और सर्दियों के कारण 15 दिसंबर को मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया था। हालांकि, पिछले दिनों महाशिवरात्रि के मौके पर भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए इसे विशेष रूप से दो दिनों के लिए खोला गया था, जिसके बाद कपाट पुनः बंद कर दिए गए थे।
फागली उत्सव और भविष्यवाणियां
कपाट खुलने के साथ ही मंदिर परिसर में पारंपरिक 'फागली उत्सव' का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव का मुख्य आकर्षण बिजली महादेव के गूर द्वारा की जाने वाली भविष्यवाणी होगी। देव परंपरा के अनुसार, गूर के माध्यम से देवता पूरे वर्ष की स्थिति, फसलों और सुख-समृद्धि को लेकर संकेत देते हैं। इस भविष्यवाणी को सुनने के लिए हारियानों (देव सेवकों) और स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
नियमित पूजा का शुभारंभ
आज से मंदिर में नियमित पूजा और सुबह-शाम की आरती का दौर शुरू हो जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार, कपाट खुलने के बाद अब देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तेज होने की उम्मीद है। प्रशासन ने भी तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक प्रबंध किए हैं।