Edited By Niyati Bhandari,Updated: 28 Oct, 2026 07:45 AM

न्यूयार्क शहर में दीपावली का उत्साह छाया हुआ है। टाइम्स स्क्वायर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर भारतीय व्यंजनों की विविधता प्रदर्शित करने वाले आयोजनों तक, कई कार्यक्रमों के जरिए विभिन्न समुदायों के लोग रोशनी का त्यौहार मना रहे हैं।
न्यूयार्क (एजैंसी): न्यूयार्क शहर में दीपावली का उत्साह छाया हुआ है। टाइम्स स्क्वायर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों से लेकर भारतीय व्यंजनों की विविधता प्रदर्शित करने वाले आयोजनों तक, कई कार्यक्रमों के जरिए विभिन्न समुदायों के लोग रोशनी का त्यौहार मना रहे हैं।
भारतीय और दक्षिण एशियाई मूल के हजारों लोग रविवार को यहां प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर पर दिनभर चले सांस्कृतिक समारोह में शामिल हुए। ‘दीपावली एट टाइम्स स्क्वायर’ के 2026 संस्करण में भारत की समृद्ध और विविध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में ‘दीपावली बाजार’, दीए जलाने का समारोह, वन टाइम्स स्क्वायर बॉल ड्रॉप टावर पर दीपावली की उलटी गिनती का डिजिटल आयोजन और ‘लाइट अप टाइम्स स्क्वायर कॉन्सर्ट’ का लोगों ने खूब आनंद लिया।
संगीत कार्यक्रम में अमरीकी रैपर एवं गीतकार राजा कुमारी, गायिका कनिका कपूर और अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी। दीपावली के मद्देनजर शहर में ऐसे कई आयोजन हो रहे हैं, जिनमें भारत की सांस्कृतिक और पाककला संबंधी विविधता को प्रदर्शित किया जा रहा है।
‘द पियरे, ए ताज होटल’ ने भी दीपावली समारोह आयोजित किया, जिसमें भारतीय-अमरीकी समुदाय और वैश्विक समुदाय की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। होटल ने न्यूयार्क के 3 लोकप्रिय रेस्तरां ‘चट्टी’, ‘जुनून’ और ‘मुसाफिर’ के साथ मिलकर ‘भारत की पाक यात्रा’ नाम से विशेष आयोजन किया।
इसके तहत मेहमानों को देश के विभिन्न हिस्सों के क्षेत्रीय व्यंजनों और स्वादों का अनुभव करने का अवसर मिला। न्यूयार्क में भारत के महावाणिज्यदूत बिनय प्रधान भी टाइम्स स्क्वायर पर आयोजित समारोह में भारतीय-अमरीकी समुदाय के सदस्यों और अमरीकी नागरिकों के साथ शामिल हुए।