Edited By Pooja Saini,Updated: 25 Feb, 2026 11:22 AM

Haridwar Kumbh Mela 2027 : उत्तराखंड में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत कर दी है। इस राशि से हरिद्वार में प्रस्तावित मेले के लिए बुनियादी ढांचे के...
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Haridwar Kumbh Mela 2027 : उत्तराखंड में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को गति देने के लिए केंद्र सरकार ने 500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता स्वीकृत कर दी है। इस राशि से हरिद्वार में प्रस्तावित मेले के लिए बुनियादी ढांचे के विकास, घाटों के सौंदर्यीकरण और अन्य आवश्यक कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा। कुंभ का आयोजन जनवरी से अप्रैल 2027 के बीच होना प्रस्तावित है, जिसके लिए राज्य सरकार ने अभी से व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक एकता का वैश्विक प्रतीक है। केंद्र से मिली धनराशि मेले को भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप देने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
राज्य सरकार के अनुसार, इस बजट से आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, यातायात व्यवस्था सुधारने, पेयजल और स्वच्छता प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा सुरक्षा इंतजामों को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। साथ ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और राज्य के विकास कार्यों में केंद्र का निरंतर सहयोग मिलता रहा है। चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल और हवाई संपर्क के विस्तार जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स में केंद्र की भूमिका अहम रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के रूप में स्थापित होगा।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे, ताकि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।