Edited By Niyati Bhandari,Updated: 07 Apr, 2026 09:58 AM

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि हम श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पूजनीय, गुरु और भगवान मानते हैं और हमारा स्पष्ट मत है कि बेअदबी के मामलों में हत्या का मुकद्दमा दर्ज होना चाहिए और दोषियों को उम्रकैद की सजा दी जानी चाहिए।
चंडीगढ़ (हरिश्चंद्र): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि हम श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पूजनीय, गुरु और भगवान मानते हैं और हमारा स्पष्ट मत है कि बेअदबी के मामलों में हत्या का मुकद्दमा दर्ज होना चाहिए और दोषियों को उम्रकैद की सजा दी जानी चाहिए।
चुघ ने साथ ही मान सरकार से मांग की कि प्रस्तावित धर्मग्रंथों के अपमान एवं बेअदबी विरोधी विधेयक में ‘प्राण प्रतिष्ठित’ हिंदू मूर्तियों को भी स्पष्ट रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि आस्था के विषय में किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार्य नहीं हो सकता।
चुघ ने कहा कि कुछ शरारती तत्व षड्यंत्र के तहत पंजाब में बेअदबी की घटनाओं के जरिए तनाव और अशांति फैलाना चाहते हैं, लेकिन उनके मंसूबे किसी भी सूरत में कामयाब नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब जानना चाहता है कि मान सरकार को यह बेअदबी संशोधन विधेयक लाने में 49 महीने क्यों लग गए? चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों के बावजूद ‘आप’ सरकार ने इस अत्यंत संवेदनशील विषय पर देरी की, जो उसकी गंभीरता की कमी को दर्शाता है।
चुघ ने कहा कि मान सरकार न तो नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित कर पाई है और न ही पुलिस थानों की, जिससे सरकार की नीयत और शासन दोनों पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने ‘आप’ सरकार से मांग की कि प्रस्तावित विधेयक में तुरंत संशोधन कर ‘प्राण प्रतिष्ठित’ हिंदू मूर्तियों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट प्रावधान जोड़े जाएं, ताकि सभी आस्थाओं को समान सम्मान मिल सके।