Edited By Sarita Thapa,Updated: 14 Jun, 2026 10:21 AM

मानव जीवन ईश्वर का दिया हुआ एक अनमोल उपहार है। दुनिया में कई तरह के दान होते हैं जैसे अन्नदान, वस्त्रदान और विद्यादान लेकिन इन सबमें ‘रक्तदान’ को सबसे अच्छा और ‘महादान’ माना जाता है।
World Blood Donor Day 2026 : मानव जीवन ईश्वर का दिया हुआ एक अनमोल उपहार है। दुनिया में कई तरह के दान होते हैं जैसे अन्नदान, वस्त्रदान और विद्यादान लेकिन इन सबमें ‘रक्तदान’ को सबसे अच्छा और ‘महादान’ माना जाता है। इसका कारण है कि रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनाया जा सकता; यह केवल मनुष्य के शरीर में ही बनता है इसलिए, रक्तदान करके किसी मरते हुए व्यक्ति की जान बचाना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। हर दिन हजारों दुर्घटनाएं होती हैं, कई बड़े ऑपरेशन होते हैं और कैंसर या थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को जीवित रहने के लिए रक्त की आवश्यकता होती है। समय पर रक्त न मिलने के कारण कई लोगों की मौत हो जाती है। यदि हम समय पर रक्तदान करते हैं, तो हम न केवल किसी व्यक्ति की जान बचाते हैं, बल्कि उसके पूरे परिवार को बर्बाद होने से भी बचाते हैं।
ब्लड ग्रुप्स की अहम खोज
14 जून को यह दिन मनाने का सबसे बड़ा कारण यह है कि इसी दिन महान वैज्ञानिक डॉ. कार्ल लैंडस्टीनर का जन्म हुआ था। उनकी खोज ने दुनिया को बताया कि मनुष्यों में अलग-अलग रक्त समूह ( ‘ए’, ‘बी’, ‘एबी’, ‘ओ’) होते हैं। इस खोज से पहले, जब किसी मरीज को रक्त चढ़ाया जाता था, तो सही रक्त समूह न मिलने के कारण अक्सर मरीज की मौत हो जाती थी। इस खोज ने रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया को सुरक्षित बना दिया और लाखों लोगों की जान बचाई। उन्हें इस महान खोज के लिए नोबेल पुरस्कार भी मिला। उन्हीं के सम्मान में यह दिन 14 जून को मनाया जाता है। ‘विश्व रक्तदाता दिवस’ दुनिया के उन महान नायकों को समर्पित है, जो बिना किसी लालच और बिना किसी स्वार्थ के स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं और किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देते हैं। रक्त केवल मनुष्य के शरीर में ही बन सकता है। इसका सीधा सा मतलब है - यदि कोई मनुष्य दूसरे मनुष्य की मदद नहीं करता है, तो कोई भी मशीन उसकी जान नहीं बचा सकती।

रक्तदान से जुड़ी गलतफहमियां
समाज में कई गलतफहमियां हैं कि रक्तदान करने से कमजोरी आती है लेकिन रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि हमारी अपनी सेहत में सुधार होता है। हमारा शरीर कुछ ही दिनों में नया रक्त बना लेता है। रक्तदान एक सुरक्षित और सरल प्रक्रिया है। एक स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर सकता है और इसका उसके स्वास्थ्य पर कोई हानिकारक प्रभाव नहीं पड़ता है। जब हमारा रक्त किसी की नसों में दौड़ता है और उसकी जान बच जाती है, तो उसके परिवार के दिल से निकली दुआएं हमारे जीवन को सफल बना देती हैं।

इस वर्ष की थीम
इस बार विश्व रक्तदाता दिवस 2026 की थीम है, ‘इंसानियत की एक बूंद - रक्तदान करें, जीवन बचाएं।’ ‘इंसानियत की एक बूंद’ का अर्थ है कि हमारे द्वारा दान दिए गए रक्त की हर बूंद किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाने में मददगार हो सकती है। आज के समय में, दुर्घटनाओं, सर्जरी, गंभीर बीमारियों और प्रसव के समय कई मरीजों को रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में, रक्तदाता किसी फरिश्ते से कम नहीं होता है। रक्तदान करने से इंसानियत का सच्चा उदाहरण पेश होता है। आज युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक होने और अधिक से अधिक रक्तदान शिविरों में भाग लेने की आवश्यकता है। हर स्वस्थ व्यक्ति को संकल्प लेना चाहिए कि वह समय-समय पर रक्तदान करेगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ