Edited By Mansi,Updated: 06 Aug, 2026 12:34 PM

लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 'आवारापन 2' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब 19 साल बाद इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में वापसी कर रहे हैं।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 'आवारापन 2' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। करीब 19 साल बाद इमरान हाशमी एक बार फिर शिवम पंडित के किरदार में वापसी कर रहे हैं। विशेष फिल्म्स द्वारा जारी किए गए इस ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन, इमोशन, बदला और मुक्ति की कहानी की झलक देखने को मिलती है। ट्रेलर का डार्क और सिनेमाई अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है।
इमरान हाशमी की दमदार वापसी
ट्रेलर में इमरान हाशमी पहले से ज्यादा परिपक्व, दर्द से भरे और बदले की आग में जलते नजर आते हैं। उनका किरदार शिवम पंडित वहीं से अपनी कहानी आगे बढ़ाता है, जहां पहली फिल्म खत्म हुई थी। ट्रेलर देखकर साफ है कि इस बार कहानी पहले से ज्यादा इमोशनल और दमदार होने वाली है।
दिशा पाटनी और शबाना आजमी निभाएंगी अहम भूमिका
फिल्म में दिशा पाटनी 'जारा' के किरदार में नजर आएंगी, जो कहानी में एक नया भावनात्मक पहलू जोड़ती हैं। वहीं शबाना आजमी 'नफीसा' के रोल में अपने दमदार अंदाज से प्रभावित करती दिखाई देती हैं।
इसके अलावा फिल्म में पूरन गब्बी (जोरावर), अनिरुद्ध रावल (सिकंदर), सुरेंद्र विक्की (जयदीप), विजयंत कोहली (महमूद) और अतुल कुमार (समर्थ) भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
संगीत भी बना आकर्षण का केंद्र
'आवारापन 2' का संगीत भी इसकी सबसे बड़ी खासियतों में से एक है। फिल्म के गानों को मिथून, जीत गांगुली, अमाल मलिक, अंकित सचदेव और वासिफ अहमद ने कंपोज किया है। वहीं गीत सईद कादरी, रश्मि विराग, अखिल सचदेवा और सचिन सिंह चंदेल ने लिखे हैं।
फिल्म के गाने 'वे जुनून', 'ये आवारापन' और 'तो फिर आओ' पहले ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुके हैं। ट्रेलर में बैकग्राउंड में बजता 'तेरा मेरा रिश्ता' गाना कहानी के भावनात्मक पक्ष को और मजबूत बनाता है। इस गीत को मिथून ने कंपोज किया है, जबकि इसे साज भट्ट और सुबोध शर्मा ने अपनी आवाज दी है।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
'आवारापन 2' का निर्माण विशेष भट्ट ने किया है। फिल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है, जबकि इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। मुकेश भट्ट और विशेष फिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। भारत में फिल्म का थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन पेन मरुधर द्वारा किया जाएगा।