Edited By Mansi,Updated: 27 Jul, 2026 05:17 PM
आगामी हिंदी फिल्म 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' का भव्य ट्रेलर और म्यूजिक लॉन्च समारोह साईं बाबा की पावन नगरी शिरडी में आध्यात्मिक माहौल के बीच आयोजित किया गया। यह फिल्म ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, समानता और सामाजिक स्वीकार्यता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर...
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। आगामी हिंदी फिल्म 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' का भव्य ट्रेलर और म्यूजिक लॉन्च समारोह साईं बाबा की पावन नगरी शिरडी में आध्यात्मिक माहौल के बीच आयोजित किया गया। यह फिल्म ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, समानता और सामाजिक स्वीकार्यता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित है। मेकर्स का कहना है कि फिल्म का उद्देश्य समाज में संवेदनशीलता और मानवता का संदेश फैलाना है। साईं बाबा के विचारों से प्रेरित इस फिल्म के जरिए हर व्यक्ति को समान दृष्टि से देखने और सम्मान देने का संदेश देने की कोशिश की गई है।
शिरडी में जुटी फिल्म की पूरी टीम
इस विशेष अवसर पर फिल्म के निर्माता एवं अभिनेता ऑशिम खेत्रपाल, निर्देशक आशीष सक्सेना, आरती खेत्रपाल, राधिका खेत्रपाल सहित पूरी स्टारकास्ट और क्रू मौजूद रही। कार्यक्रम में श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्षा गाडिलकर और साईं बाबा शांति पुरस्कार की अंतरराष्ट्रीय रणनीतिकार संजना जॉन ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
पवित्र मशाल प्रज्ज्वलित कर हुआ समारोह का शुभारंभ
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला जब विश्व भ्रमण कर शिरडी पहुंची पवित्र मशाल को निर्माता ऑशिम खेत्रपाल ने गणमान्य अतिथियों और मीडिया की मौजूदगी में प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद उपस्थित मेहमानों और पत्रकारों को भी इस ऐतिहासिक मशाल को स्पर्श करने का अवसर मिला। इस अनूठे आयोजन ने पूरे कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा से भर दिया।
भजन और ओडिसी नृत्य ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान आरती खेत्रपाल ने साईं बाबा को समर्पित भजनों की लाइव प्रस्तुति देकर सभी को भावुक कर दिया। वहीं राधिका खेत्रपाल ने अपनी ओडिसी नृत्य प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खड़े होकर तालियों के साथ सराहा। इसके बाद फिल्म का ट्रेलर और म्यूजिक आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया।
साईं बाबा के संदेश को आगे बढ़ाने की कोशिश
श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्षा गाडिलकर ने कहा कि आज के समय में साईं बाबा के सामाजिक समानता और मानवता से जुड़े विचार पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि बाबा ने हमेशा हर इंसान को समान दृष्टि से देखने की शिक्षा दी और समाज के कमजोर वर्गों के सम्मान पर जोर दिया।
उन्होंने विश्वास जताया कि 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऑशिम खेत्रपाल पहले भी साईं बाबा पर आधारित फिल्मों और धारावाहिकों के जरिए लाखों लोगों तक बाबा के संदेश पहुंचा चुके हैं।
ऑशिम खेत्रपाल बोले- यह सिर्फ फिल्म नहीं, एक सामाजिक संदेश है
फिल्म के निर्माता और अभिनेता ऑशिम खेत्रपाल ने कहा कि 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' केवल मनोरंजन के लिए बनाई गई फिल्म नहीं है, बल्कि यह मानवता, सम्मान और स्वीकार्यता की भावना को समर्पित एक सच्ची कहानी है।
उन्होंने कहा कि फिल्म का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि किसी भी व्यक्ति का मूल्य उसकी पहचान से नहीं, बल्कि उसके इंसान होने से तय होना चाहिए। शिरडी में साईं बाबा के आशीर्वाद के साथ फिल्म का ट्रेलर लॉन्च होना पूरी टीम के लिए बेहद भावुक और यादगार अनुभव रहा।
सच्ची घटना से प्रेरित है फिल्म की कहानी
फिल्म 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' एक वास्तविक घटना से प्रेरित है। इसकी कहानी अमित नाम के एक युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे बचपन से ही अपनी पहचान की वजह से उपहास और भेदभाव का सामना करना पड़ता है।
परिवार से दूर होने के बाद वह ट्रांसजेंडर समुदाय के बीच अपनी नई पहचान बनाता है और 'अमिता' के रूप में खुद को स्वीकार करता है। जीवन के संघर्षों और कई कठिन परिस्थितियों के बीच उसकी मुलाकात आशिम नाम के एक ऐसे मार्गदर्शक से होती है, जो उसे आत्मविश्वास और सम्मान के साथ जीने की प्रेरणा देता है। फिल्म साहस, आत्मसम्मान, संघर्ष और आत्मस्वीकृति की भावनात्मक यात्रा को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करेगी।
इन कलाकारों से सजी है फिल्म
फिल्म में ऑशिम खेत्रपाल के अलावा आकाश वर्मा, राधिका खेत्रपाल, सार्थक कपूर, प्रिंस राजीव, एन.के. सिंह, भाव्या सिंह, राज चौधरी, रनेशा अग्रवाल, अभिषेक सिन्हा, शोभना खत्री और अन्नू शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्देशक आशीष सक्सेना ने फिल्म को संवेदनशील और प्रेरणादायक अंदाज में प्रस्तुत करने का प्रयास किया है।
11 सितंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
सामाजिक संदेश और भावनात्मक कहानी से सजी 'चिल्ड्रेन ऑफ गॉड' 11 सितंबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ-साथ समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति सम्मान, समानता और स्वीकार्यता का सकारात्मक संदेश भी देगी।