Edited By Manisha,Updated: 07 Oct, 2026 03:01 PM

यामी गौतम स्टारर ‘नई नवेली’ के डायरेक्टर बालाजी मोहन ने फिल्म के सेट पर बिताए मजेदार पलों को याद किया। उन्होंने बताया कि कास्ट और क्रू के साथ शूटिंग के दौरान हर दिन मस्ती और क्रिएटिविटी से भरा रहा।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। यामी गौतम धर स्टारर फिल्म ‘नई नवेली’ को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म के ट्रेलर में जहां कहानी में फैंटेसी, मिस्ट्री और कॉमेडी की झलक देखने को मिली, वहीं अब डायरेक्टर बालाजी मोहन ने फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट पर बिताए मजेदार पलों को याद किया है। उनके मुताबिक, फिल्म की कास्ट और क्रू ने ‘अवस्थी परिवार’ की इस अनोखी दुनिया को पर्दे पर उतारने के दौरान खूब मस्ती की और हर दिन एक नए एक्सपीरियंस से भरा रहा।
‘हर दिन होने वाली क्रेजीनेस ट्रेलर में भी नजर आएगी’
ट्रेलर लॉन्च के दौरान बालाजी मोहन ने बताया कि फिल्म के सेट पर कलाकारों और पूरी टीम के बीच काफी अच्छा माहौल था। उन्होंने कहा कि ट्रेलर देखने पर दर्शकों को भी सेट पर हुई मस्ती की झलक मिल जाएगी। डायरेक्टर के मुताबिक, शूटिंग के दौरान आने वाली चुनौतियां भी उन्हें मुश्किल नहीं लगती थीं, क्योंकि पूरी टीम मिलकर हर पल को एंजॉय कर रही थी। उन्होंने कहा, “अगर ऑडियंस को फिल्म देखते हुए उसका आधा भी मजा आया, जितना हमें इसे बनाते समय आया था, तो मुझे पूरा यकीन है कि आप सभी को फिल्म उतनी ही पसंद आएगी।”
फैंटेसी, मिस्ट्री और एक्शन का दिखेगा तड़का
‘नई नवेली’ में यामी गौतम एक ऐसे अंदाज में नजर आने वाली हैं, जिसे दर्शकों ने पहले शायद ही देखा हो। फिल्म एक फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर है, जिसमें कॉमेडी के साथ मिस्ट्री, एक्शन और कई ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। फिल्म की कहानी अवस्थी परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है और ट्रेलर में यामी के किरदार को लेकर भी कई सवाल खड़े होते हैं। फिल्म का उद्देश्य फेस्टिवल सीजन में दर्शकों को परिवार के साथ देखने लायक मनोरंजन देने का है।
16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘नई नवेली’
अमेजन MGM स्टूडियोज और कलर येलो की ‘नई नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है, जबकि कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। यामी गौतम के अलावा फिल्म में अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने प्रोड्यूस किया है और इसका संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने दिया है।