Edited By Mansi,Updated: 21 Aug, 2026 12:19 PM

‘मिर्जापुर: द मूवी’ स्टार दिव्येंदु ने जोया अख्तर और श्रीराम राघवन संग काम करने की इच्छा जताई। साथ ही वैम्पायर का रोल निभाने की चाह बताई।
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। मिर्जापुर: द मूवी में मुन्ना भैया के आइकॉनिक किरदार में वापसी को लेकर अभिनेता दिव्येंदु लगातार सुर्खियों में हैं। फिल्म की रिलीज से पहले अभिनेता ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स और उन किरदारों के बारे में बात की, जिन्हें वह भविष्य में पर्दे पर निभाना चाहते हैं। दिव्येंदु ने यह भी बताया कि वह किन फिल्ममेकर्स के साथ काम करने का सपना देखते हैं।
जोया अख्तर और श्रीराम राघवन के साथ काम करना चाहते हैं दिव्येंदु
अपने ड्रीम कोलैबोरेशन के बारे में बात करते हुए दिव्येंदु ने कहा कि वह फिल्ममेकर जोया अख्तर और श्रीराम राघवन के साथ काम करना चाहते हैं। अभिनेता का मानना है कि इन दोनों निर्देशकों के साथ काम करना उनके लिए एक अलग और दिलचस्प क्रिएटिव एक्सपीरियंस होगा। दिव्येंदु ने कहा, “कुछ लोग हैं जिनके साथ मैं काम करने का सपना देखता हूं, उनमें जोया अख्तर और श्रीराम राघवन शामिल हैं।”
वैम्पायर बनना चाहते हैं दिव्येंदु
दिव्येंदु ने अपने पसंदीदा जॉनर और ड्रीम रोल के बारे में भी खुलासा किया। अभिनेता ने बताया कि वह हॉरर फिल्म में काम करना चाहते हैं और खास तौर पर किसी सुपरनैचुरल किरदार को निभाने में उनकी दिलचस्पी है। उन्होंने कहा, “मैं सच में हॉरर फिल्म करना चाहता हूं। सुपरनैचुरल हॉरर मेरे लिए बिल्कुल सही रहेगा। मैं वैम्पायर का किरदार निभाना चाहता हूं।” दिव्येंदु ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि वह वैम्पायर का किरदार शानदार तरीके से निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि वह इस भूमिका को लेकर काफी समय से सोच रहे हैं और उनके दिमाग में इस किरदार को निभाने का एक पूरा ब्लूप्रिंट भी तैयार है।
‘मुन्ना भैया’ की वापसी को बताया ‘मौत के बाद वापसी’
वहीं, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में मुन्ना भैया के रूप में अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी को लेकर दिव्येंदु ने कहा कि यह उनके लिए किसी बड़ी वापसी से कम नहीं है। उन्होंने अपने कमबैक को “मौत के बाद वापसी” बताया। अभिनेता ने कहा, “ईमानदारी से कहूं तो मैं मौत के बाद वापस आया हूं। फिल्म भी तीन शानदार सीजन के बाद वापस आ रही है।” उन्होंने आगे बताया कि फिल्म में मुन्ना भैया के साथ-साथ ‘मिर्जापुर’ के कई और आइकॉनिक किरदार भी अलग परिस्थितियों में नजर आएंगे। दिव्येंदु के मुताबिक, करीब तीन घंटे की फिल्म में दर्शकों को ‘मिर्जापुर’ की पुरानी दीवानगी और पागलपन देखने को मिलेगा, लेकिन इस बार कहानी में कुछ नया और फ्रेश भी होगा।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में दिव्येंदु के अलावा पंकज त्रिपाठी, अली फजल और रसिका दुग्गल जैसे पुराने कलाकार भी अपने चर्चित किरदारों में वापसी कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और यह 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।