Operation Safed Sagar Review: देशभक्ति, साहस और शानदार हवाई एक्शन से सजी दमदार वेब सीरीज

Edited By Updated: 07 Aug, 2026 03:10 PM

operation safed sagar review in hindi

यहां पढ़ें कैसी है सीरीज ऑपरेशन सफेद सागर

सीरीज- ऑपरेशन सफेद सागर (Operation Safed Sagar)
स्टारकास्ट- जिमी शेरगिल (Jimmy Sheirgill), सिद्धार्थ (Siddharth) , अभय वर्मा (Abhay Verma), मिहिर आहुजा (Mihir Ahuja), तारुक रैना (Taaruk Raina), दीया मिर्जा (Dia Mirza), प्राजक्ता कोली (Prajakta Koli), अमृता बागची (Amrita Bagchi), आदिल हुसैन (Adil Hussain),  मनु ऋषि चड्ढा (Manu Rishi Chadha), विनय पाठक (Vinay Pathak), अर्णव भसीन (Arnav Bhasin)
डायरेक्टर- ओनी सेन
प्लेटफॉर्म- नेटफ्लिक्स
रेटिंग- 3.5*

Operation Safed Sagar: कारगिल युद्ध पर अब तक 'एलओसी कारगिल', 'लक्ष्य' और 'शेरशाह' जैसी कई बेहतरीन फिल्में बन चुकी हैं जिन्होंने भारतीय सेना के जवानों की वीरता और बलिदान को पर्दे पर उतारा। लेकिन इस ऐतिहासिक युद्ध में भारतीय वायुसेना की निर्णायक भूमिका पर बहुत कम कहानियां देखने को मिली हैं। ऐसे में नेटफ्लिक्स की 6 एपिसोड वाली वेब सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' उन जांबाज एयर वॉरियर्स की बहादुरी, साहस और रणनीति को श्रद्धांजलि देती है, जिन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध में दुश्मन के मंसूबों को नाकाम कर भारत की जीत में अहम योगदान दिया था। निर्देशक ओनी सेन की यह वॉर ड्रामा सीरीज सिर्फ एक सैन्य अभियान की कहानी नहीं, बल्कि भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, देशभक्ति और बलिदान को करीब से दिखाने की एक ईमानदार कोशिश है। आइए जानते हैं कि यह सीरीज दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।

कहानी
'ऑपरेशन सफेद सागर' की कहानी 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के ऐतिहासिक एयर मिशन पर आधारित है। उस समय एक ओर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पाकिस्तान के साथ शांति स्थापित करने की कोशिश कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तानी सेना ने एलओसी पार कर कारगिल, द्रास, बटालिक और मश्कोह की ऊंची चोटियों पर कब्जा कर लिया। दुश्मन की ऊंचाई वाली रणनीति के कारण भारतीय सेना को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में भारतीय वायुसेना के जांबाज 'गोल्डन ऐरोज' स्क्वाड्रन ने विंग कमांडर बिरेंद्र सिंह धनोवा के नेतृत्व में 'ऑपरेशन सफेद सागर' शुरू किया। स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा और उनके साथियों ने 15,000 से 18,000 फीट की ऊंचाई, कम ऑक्सीजन, खराब मौसम और दुश्मन की मिसाइलों जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद अद्भुत साहस का परिचय देते हुए कई सफल हवाई अभियान चलाए। इस दौरान अजय आहूजा वीरगति को प्राप्त हो जाते हैं, लेकिन उनके साथियों का हौसला नहीं टूटता। अंततः भारतीय वायुसेना दुश्मन के ठिकानों को तबाह कर कारगिल विजय में निर्णायक भूमिका निभाती है। यह सीरीज भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस, बलिदान और देशभक्ति को भावनात्मक और रोमांचक अंदाज में पर्दे पर पेश करती है। 


एक्टिंग
अभिनय की बात करें तो जिमी शेरगिल ने अपने किरदार में दमदार और संतुलित प्रदर्शन किया और जान डाल दी है। सिद्धार्थ स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा के रोल में अपनी गंभीरता, साहस और भावनात्मक दृश्यों से गहरी छाप छोड़ते हैं। अभय वर्मा, मिहिर आहूजा, तारुक रैना और अर्णव भसीन ने युवा वायुसेना अधिकारियों के किरदारों में जोश और जज्बे को बखूबी पर्दे पर उतारा है। वहीं दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली और अमृता बागची ने अपने-अपने किरदार के साथ न्याय किया है। आदिल हुसैन अपने किरदार में हमेशा की तरह प्रभावशाली नजर आते हैं, जबकि मनु ऋषि चड्ढा ने परवेज मुशर्रफ और विनय पाठक ने अपनी भूमिका को विश्वसनीय ढंग से निभाया है। 

डायरेक्शन
निर्देशक ओनी सेन ने 'ऑपरेशन सफेद सागर' के जरिए भारतीय वायुसेना के जांबाज फाइटर पायलट्स की दुनिया को काफी बारीकी और यथार्थ के साथ पर्दे पर उतारने की कोशिश की है। मिशन की रणनीति, मौसम की चुनौती, उड़ान के तकनीकी पहलू और दुश्मन पर सटीक हमला जैसे दृश्यों को उन्होंने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया है। हवाई युद्ध के सीक्वेंस और मिशन से जुड़े दृश्य सीरीज की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरते हैं। साथ ही, कुछ जगहों पर वास्तविक फुटेज का इस्तेमाल कहानी को और विश्वसनीय बनाता है। ओनी सेन अपने सशक्त निर्देशन, शानदार विजुअल्स और देशभक्ति के भाव को प्रभावी ढंग से दर्शकों तक पहुंचाने में सफल रहते हैं।

 

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!